बस्ती जिले में लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने डेढ़ सौ करोड़ की 22 परियोजनाओं का किया लोकार्पण- शिलान्यास

बस्ती जिले में लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने डेढ़ सौ करोड़ की 22 परियोजनाओं का किया लोकार्पण- शिलान्यास

उप्र बस्ती जिले में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद ने 150 करोड़ रुपये लागत की 22 परियोजनाओं का लोकार्पण- शिलान्यास किया। उन्होंने सांसद की मांग पर अमहट के निकट एक नए सर्किट हाउस के निर्माण पर सहमति पर भी जताई। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। शहर के अमहट घाट के निकट विभाग की ओर सड़क एवं सेतु परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री पहुंचे। उन्होंने बटन दबाकर एक साथ 150 करोड़ रुपये की 22 परियोजनाओं के शिलापट्ट का अनावरण किया। कहा कि इतनी बड़ी संख्या में परियोजनाओं की बौछार पीएम मोदी और सीएम योगी की देन हैं। बस्ती के सांसद भी जीवठ वाले व्यक्ति हैं। यह जिले के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। जब तक उनके प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिल जाती तब वह चुप नहीं बैठते। यहीं हाल विधायक हर्रैया का भी है। इसीलिए बस्ती में लगातार विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि मै घोषणा वाला मंत्री नहीं बनना चाहता हूं। हवा में राजनीति नहीं करनी चाहिए। हमारी सरकार काम पर विश्वास करती है। 2014 के पहले देश में और 2017 के पहले प्रदेश में अराजकता की राजनीति चल रही थी। जनता को सत्ता का दमन झेलना पड़ा था। उनका खूब शोषण हुआ। इसीलिए जनता ने व्यवस्था बदली। योगी सरकार में बस्ती का खास महत्व है। यहां विकास के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने आमजन का आह्वान किया कि 2024 के चुनाव में भाजपा को रिकार्ड मतों से जिताना है। जीरो टारलेंस पर काम हो रहा है। सभी सड़कों एवं पुलों का निर्माण गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयावधि में पूरी की जाएगी।कैबिनेट मंत्री ने 17 करोड़ की लागत से बनने वाले बड़ेवन- कंपनीबाग फोरलेन सड़क और 13 करोड़ की लागत से बनने वाले कछुआरे पुल समेत कुल 22 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस बीच सांसद की ओर से अमहट घाट के पास नए सर्किट हाउस के निर्माण का प्रस्ताव पेश किया गया। जिस पर उन्होंने सहमति जताते हुए विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा जिला अस्पताल से सोनूपार, देवरिया तक सड़क निर्माण के लिए 25 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी। वहीं विधायक हर्रैया अजय सिंह की मांग पर खम्हरिया सुजात से रेवारादास उभाई तक 25 करोड़ रुपये के सड़क को स्वीकृति प्रदान की।

सांसद हरीश द्विवेदी ने कहा कि अमहट क्षेत्र शहर का प्रवेश द्वार है। यहां अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस सर्किट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा इंडोर स्टेडियम और पांच करोड़ की लागत से आधुनिक पार्क बनाया जाएगा। इन परियोजनाओं के निर्माण से अमहट की नई पहचान बनेगी। इसके अलावा जिले की तीन नई सड़कों को राष्ट्रीय राजमार्ग का दर्जा दिलाया गया है। इसमें बस्ती- महुली मार्ग, मखौड़ा, पैकौलिया हसीनाबाद मार्ग शामिल हैं।
कैबिनेट मंत्री के जनपद सीमा में प्रवेश करने के बाद हाईवे पर जगह-जगह स्वागत किया गया। जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष दयाशंकर मिश्र, यशकांत सिंह, प्रेम सागर तिवारी, ब्लॉक प्रमुख राकेश श्रीवास्तव, राना दिनेश प्रताप सिंह, जटाशंकर शुक्ल, अनिल दुबे, सभासद सुभाष श्रीवास्तव डब्लू, अभिषेक कुमार, रमेश गुप्ता, प्रभाकर मणि त्रिपाठी, महेंद्र सोनकर, अभिनव उपाध्याय, आशीष शुक्ल आदि भाजपाइयों ने कैबिनेट मंत्री का विभिन्न जगहों पर स्वागत किया। वहीं मंच पर सांसद द्विवेदी, विधायक हर्रैया अजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, डीएम अंद्रा वामसी, एसपी गोपाल कृष्ण चौधरी ने बुके देकर स्वागत किया। जीजीआईसी की छात्राओं ने स्वागत गान प्रस्तुत किया। संचालन शिक्षक मांडवी सिंह ने किया। इस मौके पर अश्वनी उपाध्याय, मगन शुक्ल, मनमोहन श्रीवास्तव काजू, प्रदीप पांडेय, मनोज सिंह, रोली सिंह, सुमन सिंह आदि मौजूद रहे।

Back to top button