असम के दो व्यापारी का बिहार में अपहरण, पुलिस ने कराया मुक्त

पटना: असम के 2 व्यापारियों का बिहार के नालंदा में अपहरण कर लिया गया। दोनों हाईवा के बिजनेस से जुड़े हैं। व्यापारियों को इसी के काम के लिए बुलाया गया और बंदी बना लिया। अपहृता को बरामद कर दोनों आरोपित को पकड़ लिया गया है। असम पुलिस ने नालंदा पुलिस की मदद से दोनों व्यापारियों को मुक्त करा लिया है। दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। असम पुलिस व्यापारियों और अपहरणकर्ताओं को अपने साथ ले गई है।गिरफ्तार अपहरणकर्ता मंटू अलीपुर गांव का रहने वाला है, जबकि विकास कुमार उर्फ नवलेश कृष्ण विगहा गांव का रहने वाला है। व्यापारी ममेरुल इस्लाम और बहादुर अली ने बताया कि वे लोग हाईवा का व्यापार करते हैं। इसी सिलसिले में वे लोग बिहार गए थे। दोनों अपहरणकर्ताओं के पहले से संपर्क में थे। अपहरणकर्ताओं ने व्यापारियों के परिजनों से पैसे भी लिए थे। ममेरुल इस्लाम ने बताया कि 10 चक्का हाईवा हायर कर उसे मंथली बेसिस पर कंपनी को दिया जाता है। इसी को लेकर मंटू और नवलेश उन दोनों को लेकर बिहार आया था। काम होने के बाद वाहन मालिक को पैसा दिया जाता है। हम दो दिनों तक बिहार शरीफ में होटल में रखा गया और 50 हजार की डिमांड करने लगे। नवलेश कृष्ण ने कहा कि 50 हजार रुपए पहले दे दो, इसके बाद हाईवा दिखाते हैं। हमने पैसे देने से मना कर दिया, पहले हाईवा देखने की बात कही। लवलेश हाईवा दिखाने हमें परवलपुर के गांधीनगर गांव लेकर चले आए। जंगल एरिया में आधा दर्जन लोगों को बुलाया। व्यापारी ने बताया कि शराब के नशे में हमारे साथ मारपीट की गई और डराया गया। फिर अगले दिन पुलिस पहुंची और उन्हें अपहरणकर्ताओं से मुक्त कराया।
अपहरणकर्ता को परिजनों द्वारा भेजे गए थे कुछ रूपये: असम पुलिस के जोगी गोपा थाना के सब इंस्पेक्टर उत्तम रॉय ने बताया कि ममेरुल इस्लाम सेदामारी बालपारा और बहादुर अली मेरेरपोर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। बहादुर अली के भाई ने थाने पर आकर सूचना दी कि उसके भाई का अपहरण कर लिया गया है। अपहरणकर्ता मारपीट कर रहे हैं। 2 लाख रुपए की डिमांड कर रहे हैं। पूर्व में कुछ पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए हैं।अपहरणकर्ता फोन कर परिवार को धमकी दे रहे थे कि पैसा भेजे नहीं, तो दोनों को जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद एसपी ने एक टीम बनाई। मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया गया। फिर स्थानीय परवलपुर थाना को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद अपहरणकर्ताओं के चंगुल से बंदी को मुक्त कराया गया। अपहरणकर्ताओं को किया गया गिरफ्तार: परवलपुर थाना अध्यक्ष पप्पू कुमार सिंह ने बताया कि असम पुलिस से सूचना मिली कि असम के इस्लाम और बहादुर अली को कुछ लोगों ने बंदी बना लिया है। असम पुलिस के भेजे गए लोकेशन पर ट्रैक करते हुए पुलिस गांधीनगर के खंधा पहुंची। यहां पर चार लोग एक जगह बैठे हुए हैं। जिनमें दो व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। इसके बाद पीछा कर दोनों को पकड़ लिया है। इस पूरे मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट अशोक झा

Back to top button