दिल्ली में मिलीं लखीमपुरखीरी की 27 जनजातीय लड़कियां

 

लखीमपुर खीरी ।दिल्ली में जनपद की जनजातीय इलाके की 27 लड़कियों को बाल कल्याण समिति ने उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। अभिभावकों को नसीहत भी दी है। मगर कई सवालों के जवाब अब तक अनसुलझे हैं। किशोरियां किस संस्था में गई थीं, जनजाति विभाग के जिम्मेदारों को इसकी जानकारी नहीं। ट्रैफिकिंग यूनिट के पास भी ठोस जवाब नहीं है
करीब एक सप्ताह पूर्व बाल कल्याण समिति दिल्ली ने एक संस्था से जिले के चंदन चौकी थाना क्षेत्र की 42 किशोरियों-बालिकाओं को बरामद किया। बताया गया कि यह किशोरियां पढ़ाई के नाम पर दिल्ली लाई गई थीं। दिल्ली की टीम ने जिले की बाल कल्याण समिति से संपर्क किया। जिले की टीम ने सत्यापन कराया तो 27 किशोरियों के माता-पिता घर में मिले।पांच किशोरियों के अभिभावक कहीं बाहर काम करने गए थे। जिले की टीम की सत्यापन के बाद दिल्ली पुलिस की टीम मंगलवार को जिला मुख्यालय पहुंची। सभी 27 किशोरियों को उनके अभिभावकों के सुपुर्द किया गया। इन किशोरियों की बरामदगी कई सवाल खड़े कर रही है। बड़ी संख्या में दिल्ली गईं किशोरियों के बारे में विभाग के अधिकारियों को जानकारी कैसे नहीं हुई।
जिले में पढ़ाई-लिखाई की समुचित व्यवस्था होने के बाद भी किशोरियों को बाहर क्यों भेजा गया। इस बारे में परियोजना अधिकारी जनजातीय विकास विकास यूके सिंह ने बताया कि इनके बारे में जानकारी नहीं है। कभी-कभार लोग व्यक्तिगत तौर पर अपने बच्चों को बाहर भेज देते हैं। दिल्ली जाने व पढ़ने पर कोई रोक नही है। उन्हें भी इस बारे में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने ही आज ही जानकारी दी।

Back to top button