मजदूरों से भरी ट्रेक्टर ट्राली पलटने से 3 की मौत,15 घायल
पिता अपने दो बेटों के साथ जा रहा था मजदूरी करने,तीनो की मौत
![](https://roamingexpress.com/wp-content/uploads/2024/10/IMG-20241016-WA0109.jpg)
झांसी जिलै के गुरसराय थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार को मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकाें में पिता बबलू और उसके दाे पुत्र शामिल हैं। हादसे में 15 मजदूर घायल हो गये हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए पास के समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
गुरसराय थाना क्षेत्र के ग्राम सरसेडा में खेत पर काम करने के लिए ललितपुर जिले के मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली नाले में पलट गई। इससे वहां चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसराय लाया गया। जहां चिकित्सक ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक ही परिवार के सदस्य पिता बबलू (45), उनके बेटे दीपक (18) और छोटू(14) बताये गये हैं। घायलों मे संतोषी, रिंकी, रघुवीर, सूरज, चंदा समेत करीब 15 मजदूर शामिल हैं। इन्हे इलाज के लिये अस्पताल भेजा गया है।सभी घायल भी ललितपुर जिले के रहने वाले हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवाें को कब्जे में लेकर कार्यवाही शुरू कर दी। दुर्घटना में एक ही परिवार के पिता और उसके दो बेटाें के काल के गाल में समा जाने से परिवार में काेहराम मच गया है।
खेत मे काम करने आ रहे थे मजदूर
“””””””””””””””””””””””””””””””””””””””
झांसी के एसपी ग्रामीण गोपीनाथ सोनी ने बताया कि खेत पर काम करने के लिए आ रहे मजदूराें से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलटने की सूचना मिली थी। मौके पर दो मजदूरों की मौत हो गई थी। जबकि एक काे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया है। वहीं हादसे में सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।