बुन्देलखंड के संसाधनों की लूट की छूट हम किसी को नहीं देंगे- योगी आदित्यनाथ

 

बांदा। निकाय चुनाव के दूसरे चरण में प्रचार के आखिरी दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को बांदा और चित्रकूट पहुंचकर भाजपा प्रत्याशियो को भारी बहुमत से जिताने की अपील की। बांदा शहर के जीआईसी कालेज मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुये उन्होने कहा कि हम बुन्देलखंड को धरती का स्वर्ग बनायेंगे।यहां के संसाधनों की लूट की छूट हम किसी को नहीं देंगे। कुछ साल पहले तक यहां की बहू-बेटियां एक-एक बूंद पानी के लिये इधर-उधर भटकती घूमती थीं। अब ऐसा नहीं है। अगले चार महीनों मे यहां के गांवो को हर घर नल योजना से घर बैठे पीने का पानी सुलभ होने लगेगा।
जीआईसी मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बुंदेलखंड आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। यहां के लोग बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे मे फर्राटें भर रहे है। उन्होने अपने संबोधन की शुरूआत महर्षि बाम की पावन धरा को नमन करने के साथ किया। कहा कि 2017 में पहली बार बांदा आए थे। तब यहां के हालात अच्छे नहीं थे। पानी के लिए घोर संकट था। आज चार महीने बाद हर घर में पानी पहुंचने वाला है। यहां की बंजर और बीहड़ की समस्याएं खत्म हो गईं हैं। यहां का व्यापारी, महिलायें,बेटियां और हर व्यक्ति चिंता में था कि क्या कभी हमारे भी अच्छे दिन आएंगे। आज तेजी से विकास हो रहा है।

जिन्होंने बूंद-बूंद पानी को तरसाया है, उन्हें एक-एक वोट को तरसा दो

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चित्रकूट मे बोलते हुये कहा कि जिन लोगों ने आपको एक-एक बूंद पानी को तरसाया है, उन्हे तुम एक-एक वोट को तरसा दो। सपा रामायण और तुलसीदास के बारे में अनर्गल टिप्पणी करती है। सपा के लोग किसी संत को अपना मित्र नहीं बनाते। ये डकैतों को मित्र बनाते हैं।
चित्रकूट रामायण मेला परिसर में हुई चुनावी जनसभा में उन्होंने कहा कि किसी गरीब को भूखा नहीं सोना पडेगा। लगातार मुफ्त राशन बांटा जा रहा है। सरकार की योजनायें गिनाते हुए कहा कि अब हर घर नल योजना का कार्य शुरु हो गया है। हर घर में आरओ को पानी मिलेगा। उन्होंने कहा कि चित्रकूट में पहले फोरलेन कनेक्टिविटी नहीं थी। अब चित्रकूट फोरलेन से जुड चुका है। छह वर्ष के अन्दर बदलाव देखने को मिला है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब से भाजपा सरकार बनी है, तब से देश-प्रदेश का विकास हो रहा है। देश में मेट्रो, रेलवे स्टेशन, एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं। डिफेंस कारीडोर जैसे विकास के कार्य हो रहे हैं। काशी-मथुरा के साथ चित्रकूट और अयोध्या का लगातार विकास हो रहाहै। भगवान श्रीराम के मन्दिर निर्माण का कार्य शुरु है, 2024 तक बनकर तैयार हो जायेगा। चित्रकूट महर्षि बाल्मीकि और तुलसी बाबा की नगरी है। संत तुलसी ने रामचरितमानस लिखा है। राजापुर में तुलसी बाबा का जन्म स्थान है। तुलसी की रामचरितमानस विश्व विख्यात है। यहां के कण-कण में भगवान श्रीराम निवास करते हैं। इस धरा में भगवान श्रीराम-लक्ष्मण ने तुलसी बाबा को दर्शन दिये थे।

आबादी कम है,नहीं तो चित्रकूट को स्मार्ट सिटी नगर निगम बना देते,

योगी आदित्य नाथ ने कहा कि चित्रकूट में पहले डकैतों का राज होता था। अब चित्रकूट डकैत मुक्त हो गया है। चित्रकूट का एयरपोर्ट जल्द शुरु हो जायेगा। इससे दिल्ली की दूरी एक घंटे में तय होगी। चित्रकूट में उद्योग लगाये जायेंगे। इससे लोगों को रोजगार मिलेगा। चित्रकूट में रिंगरोड बनाने की घोषणा पहले ही कर चुके हैं, जल्द कार्य शुरु होगा। उन्होंने कहा कि चित्रकूट की आबादी और होती तो वे चित्रकूट को स्मार्ट सिटी नगर निगम बना देते। इससे नगर का विकास और तेजगति से होता।
उन्होंने कहा कि चित्रकूट की भूमि संयम की धरती है। जहां संयम होगा, वहीं साधना हो सकती है। प्रभु श्रीराम ने इसी चित्रकूट में 14 वर्ष के वनवास का सर्वाधिक समय साधना की थी। यहां लाखों की तादाद में श्रद्धालु मन्दाकिनी में डुबकी लगाकर कामतानाथ की परिक्रमा करके धन्य होते हैं। कुछ लोग अपने कृत्यों से पाप का घडा इतना भर लेते हैं कि स्वयं के पहचान का संकट पैदा कर लेते हैं। समाज के लिए भी पहचान का संकट पैदा कर देते हैं। 2017 के पहले यही पहचान का संकट उत्तर प्रदेश में भी पैदा कर दिया गया था।
उन्होने कहा कि देश की लीडरशिप देखनी हो तो आजादी के अमृत वर्ष में देखना चाहिए। प्रधानमंत्री ने हर घर तिरंगा अभियान चलाकर लोकतंत्र के पर्व का एहसास करवाया था। कोरोना के समय प्रधानमंत्री अकेले लोगों का जीवन बचाने को निकले थे। चित्रकूट धाम का पावन संयोग है कि महर्षि बाल्मीकि और संत तुलसीदास की पवित्र जन्मभूमि यही है।

Back to top button