अयोध्या में रामलला के मंदिर को हवाई हमले से बचाने का सिक्योरिटी प्लान तैयार

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि का अतिविशिष्ट सिक्योरिटी प्लान तैयार किया गया है। इसमें रामलला के मंदिर को हवाई हमले से बचाने के उपाय शामिल हैं। शासन ने सिक्योरिटी प्लान को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जल्द ही इस पर काम शुरू हो जाएगा।मालूम हो कि गर्भगृह तैयार होने के बाद प्राण प्रतिष्ठा होते ही रामलला के दर्शन के लिए देश-विदेश से श्रद्धालुओं की भीड़ यहां पहुंचेंगी। तब तक यहां की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की तैयारी है। इसे लेकर स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा विशेषज्ञों के साथ श्रीराम जन्मभूमि का सिक्योरिटी प्लान तैयार किया था। इसे शासन को भेजा गया था जिसे मंजूरी दे दी गई है। उच्च पदस्थ सूत्रों के मुताबिक, श्री राम जन्मभूमि की सुरक्षा को लेकर दो बिंदुओं पर खास फोकस है। पहला सरयू नदी की ओर से सुरक्षा क्योंकि मंदिर सरयू के काफी करीब है। वहीं दूसरा बिंदु है हवाई सुरक्षा। इसके लिए आधुनिकतम उपकरण लगाए जाएंगे। मंडलायुक्त गौरव दयाल का कहना है कि श्रीराम जन्मभूमि की हवाई सुरक्षा के साथ-साथ पूरे मंदिर परिसर की सुरक्षा का प्लान तैयार कर शासन को भेजा गया था। शासन से इसको सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। सुरक्षा प्लान पर चर्चा नहीं की जा सकती। जल्द ही इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा। जनवरी तक इसे लागू कर दिया जाएगा।

Back to top button