अब तक 15 लाख श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन

अब तक 15 लाख श्रद्धालुओं ने किए रामलला के दर्शन
मंदिर ट्रस्ट ने दर्शन का समय बढ़ाया, जारी की आरती-पूजन की समय सारणी
अयोध्या : भव्य राममंदिर में बालक राम के दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से लाखों श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम से अब तक करीब 15 लाख श्रद्धालुओं ने बालक राम के दर्शन कर लिए है। कमिश्नर गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार व डीएम नितीश कुमार ने शनिवार को राम मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। कमिश्नर ने बताया कि रोजाना करीब 2 से ढाई लाख लोग राम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। पहले जहां एक साथ भीड़ मंदिर में प्रवेश कर रही थी अब उसमें भी परिवर्तन हो रहा है। अब लोग ग्रुप में दर्शन करने पहुंच रहे हैं। आगे भी यही क्रम जारी रहने की उम्मीद है। बालकराम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए मंदिर ट्रस्ट ने बालकराम की आरती और दर्शन का समय बढ़ा दिया है।
मंदिर में आरती का समय
– बालकराम की मंगला आरती सुबह 4:30 बजे।
– शृंगार आरती (उत्थान आरती) सुबह 6:30 बजे।
– भक्तों को दर्शन सुबह 7:00 बजे से।
– भोग आरती दोपहर 12:00 बजे।
– संध्या आरती शाम 7:30 सात बजे।
– रात्रि भोग 9:00 बजे।
– शयन आरती रात 10:00 बजे होगी।