सरकारी एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है भाजपा- डिम्पल

मैनपुरी जिले में गुरुवार को अपने लोकसभा क्षेत्र में पहुंची डिंपल यादव ने कहा कि गठबंधन की ताकत भाजपा महसूस कर रही है। इसी कारण सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी सीबीआई का नोटिस भेजा गया है। राज्यसभा चुनाव में सपा के विधायकों में सेंधमारी को लेकर भी डिंपल ने भाजपा को आड़े हाथों लिया।
गुरुवार को शहर के आवास विकास स्थित सपा कार्यालय पहुंचीं डिंपल यादव ने कहा कि भाजपा चुनाव के चलते दूसरी पार्टी के नेताओं और विधायकों को पैकेज दे रही है। किसी भी तरह वह उन्हें तोड़ना चाहती है, लेकिन उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा से रुष्ट है। इसलिए आने वाले चुनाव में ऐतिहासिक नतीजे आएंगे। सपा और कांग्रेस के गठबंधन को मजबूत बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को गठबंधन की शक्ति का अहसास है और भाजपा की तैयारी अधूरी है। यही कारण है कि भाजपा सरकारी जांच एजेंसी सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स का दुरुपयोग कर रही है।

सांसद ने आगे कहा कि भाजपा सरकार में युवा बेरोजगार घूम रहे है। उन्हें नौकरी नहीं मिल पा रही है। सरकार युवाओं को रोजगार नहीं दे पा रही है। भाजपा सरकार किसानों का हित भी नही कर रही है। किसान सरकार के खिलाफ आंदोलन कर रहे है। बेरोजगारी और किसानों की मांग पूरी करने के मामले में सरकार विफल है। उन्होने कहा कि चुनाव नजदीक है वे अपने क्षेत्र में अपने लोगों के बीच हैं और बनी रहेंगी। इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष आलोक कुमार शाक्य, पूर्व विधायक राजकुमार उर्फ राजू यादव, सुखवीर सिंह यादव, सपा युवजन सभा के जिलाध्यक्ष डीपी यादव, महासचिव रामनरायण बाथम आदि मौजूद रहे।

Back to top button