वाहन की चपेट में आने से हाथी का बच्चा गंभीर घायल , इलाज के लिए लाया गया बंगाल सफारी

अशोक झा, सिलीगुड़ी: सिलीगुड़ी से 32 किलोमीटर दूर गाजलडोबा कैनाल रोड पर वाहन की चपेट में आने से एक हाथी का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है। गुरुवार तड़के घायल हाथी के बच्चे को स्थानीय लोगों ने मंतादारी के गेटबाजार अंतर्गत सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा देखा। वन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना पर मंतादारी बीट कार्यालय के वनकर्मी मौके पर पहुंचे। जिसके बाद घायल हाथी के बच्चे को बरामद कर बंगाल सफारी ले गए। बताया गया की फुलबाड़ी- गाजलडोबा कैनाल रोड के दोनों किनारों पर घने जंगल हैं। यहां आए दिन जंगली हाथियों को सड़क से कैनल की ओर जाते देखा जाता है। यहां जगह जगह वन विभाग की ओर से हाथी के लिए बोर्ड लगाकर चेतावनी भी दी गई है।आरोप है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण वन्य जीव दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। इस संबंध में वन विभाग के बैकुंठपुर डिवीजन के डीएफओ एम राजा ने बताया कि संभवत: रात में किसी बड़ी वाहन ने हाथी के बच्चे को टक्कर मार दी। हाथी का इलाज बंगाल सफारी में चल रहा है। वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वन्य जीव प्रेमी इस प्रकार के दुर्घटना से काफी नाराज है।

Back to top button