बिहार प्रदेश अध्यक्ष की ताजपोशी आज, 15000 कार्यकर्ता रहेंगे मौजूद

पार्टी के वरीय नेताओं की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दिलीप जायसवाल को पदभार ग्रहण कराया जाएगा

 

अशोक झा, पटना: बीते कई महीनों से टल रही बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल की ताजपोशी की तारीख तय हो गई है। 4 मार्च ( मंगलवार) को विधिवत तरीके से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पद संभालेंगे। बापू सभागार में होने वाली प्रदेश परिषद की बैठक में पार्टी के वरीय नेताओं की मौजूदगी में प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दिलीप जायसवाल को पदभार ग्रहण कराया जाएगा। बैठक में पार्टी के प्रदेश, जिला से लेकर मंडल स्तर के 15 हजार से अधिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसमें मंडल, प्रखंड और जिलास्तरीय कमेटी के अध्यक्ष सहित सभी सदस्य शामिल होंगे।पार्टी नेताओं से मिली जानकारी के अनुसार चार मार्च को प्रदेश परिषद को बापू सभागार में होने वाली बैठक में प्रदेश भाजपा परिषद के प्रभारी बनाए गए केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर शामिल होंगे। बिहार भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े और सह प्रभारी दीपक प्रकाश भी शामिल होंगे। आपको बता दें नीतीश कैबिनेट विस्तार के बाद दिलीप जायसवाल ने राजस्व और भूमि सुधार मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद अब वो सिर्फ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं। इससे पहले वो बीजेपी के संगठन और नीतीश कैबिनेट में मंत्री भी थे। इससे पहले प्रदेश परिषद की बैठक हुई थी। पार्टी के वरीय नेताओं की मौजूदगी में हुई बैठक में तय हुआ कि चुनावी साल में संगठन और सरकार को मिलकर लोगों के बीच जाना है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों को पहुंचानी है। एनडीए का जिलावार सम्मेलन संपन्न हो चुका है। अब एनडीए का विधानसभावार सम्मेलन होना है। इसकी तैयारी में जुट जाने का निर्णय लिया गया। भाजपा ने राज्य की नई कमेटी का गठन करने का निर्णय लिया है। बीते साल जुलाई में बिहार भाजपा की कमान संभालने वाले दिलीप जायसवाल अभी सम्राट चौधरी के समय बनी कमेटी से ही पार्टी का कामकाज कर रहे हैं। दिलीप जायसवाल ने नई कमेटी के नामों की सूची तैयार कर ली है। जैसे ही प्रदेश परिषद की बैठक में उनकी विधिवत ताजपोशी होगी, वे नई कमेटी की घोषणा कर देंगे।

Back to top button