संवाददाता पंकज सिंह
बस्ती। सोनहा पुलिस ने तंत्र-मंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों को डराकर सोने-चांदी के आभूषण हड़पने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने की चेन, मंगलसूत्र, चांदी का ब्रेसलेट और चार हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, करायन गांव निवासी मालती देवी ने 20 अगस्त को सोनहा थाने में तहरीर देकर बताया कि उनका बेटा राधेश्याम अक्सर बीमार रहता था। इसी दौरान रिश्तेदार मोहित ने एक तांत्रिक के बारे में बताया, जो इलाज करने का दावा करता था। महिला अपने बेटे को लेकर आरोपी तांत्रिक प्रेम कुमार उर्फ फोलई के पास पहुंची। आरोप है कि तांत्रिक ने झाड़-फूंक के बाद घर में भूत-प्रेत का साया होने की बात कही। इसके बाद 15 जून को वह एक अन्य व्यक्ति के साथ महिला के घर पहुंचा और पूजा-पाठ करने लगा। उसने महिला से बेटे और उसके अपने सोने-चांदी के जेवर देने को कहा। जेवर देने से मना करने पर आरोपी ने डराते हुए कहा कि यदि सामान नहीं दिया तो तंत्र विद्या से उसके बेटे की मौत हो जाएगी। बेटे की मौत के भय से महिला ने सोने की चेन, मंगलसूत्र और ब्रेसलेट आरोपियों को दे दिए। आरोपी जेवर लेकर मंदिर चले गए और बाद में सामान लौटाने के बदले तीन लाख रुपये की मांग करने लगे। मामले में सोनहा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने शुक्रवार को भानपुर-शंकरपुर मोड़ तिराहा उकड़ा के पास से प्रेम कुमार उर्फ फोलई और प्रदीप अग्रहरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों के खिलाफ बस्ती और सिद्धार्थनगर के विभिन्न थानों में भी मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार करने वाली टीम: थानाध्यक्ष महेश सिंह, उपनिरीक्षक इंद्रजीत तिवारी, उपनिरीक्षक जय प्रकाश तिवारी, कांस्टेबल मनोज कुमार यादव और कांस्टेबल देवानंद यादव शामिल रहे।








Hits Today : 1792
Who's Online : 10