आवारा जानवर चट कर गये फसल, सदमे से किसान की मौत

 

बांदा / अन्ना मवेशी किसानों के लिए नासूर बनते जा रहे हैं। सरकार के तमाम प्रयासों के बावजूद अन्ना प्रथा पर लगाम नहीं लग पा रही। खेत में बोई गई फसल अन्ना मवेशी चट कर गये। फसल देखकर घर लौटे किसान को सदमा लग गया। घरवालों ने उसे नरैनी सीएचसी ले गये। इसके पहले उसकी मौत हो गई।
कालिंजर थाना क्षेत्र के कटरा निवासी किसान संतोष (50) दो बीघा खेत बटाई में लिए था। उसने खेत में चना, अरहर की फसल बो रखी थी। रविवार की रात अन्ना मवेशी उसकी फसल चट कर गये।सोमवार की सुबह वह अपने खेत गया। देखा तो पूरी फसल सफाचट थी। शाम को वह मायूस होकर घर लौटा और चारपाई पर लेट गया। पत्नी ममता ने खाना खाने के लिए कहा, लेकिन उसने खाना नहीं खाया। कुछ देर चारपाई पर बैठा रहा। इसी दौरान सदमा लगने से उसके सीने में तेज दर्द हुआ। परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नरैनी पहुंचे। वहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी ममता ने बताया कि उसका पति दो बीघा खेत बटाई में लिए हुए था। अन्ना मवेशियों ने फसल चट कर दी। इससे उसके पति को सदमा लग गया। इसी के चलते उसकी मौत हो गई।
इस संबंध में एसडीएम नरैनी रजत वर्मा ने बताया कि किसान बटाईदार था। सदमे से उसकी मौत हुई है। शासन से नियमानुसार आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button