बांदा में पहली बार हुआ राष्ट्रीय महिला खो-खो लीग प्रतियोगिता का आयोजन

 

बांदा मंडल मुख्यालय मे पहली बार खेलो इंडिया के तहत चार दिवसीय राष्ट्रीय महिला खो-खो लीग प्रतियोगिता का शुभारंभ शुक्रवार से किया गया है। प्रतियोगिता में 12 राज्यों की टीमों के 200 से ज्यादा खिलाड़ी भागीदारी करते हुए अपने दमखम का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता 13 वर्षों बाद उत्तर प्रदेश के चित्रकूट धाम मंडल मुख्यालय में पहली बार आयोजित हो रही है। भागवत प्रसाद मेमोरियल अकेडमी बांदा के चेयरमैन शिव शरण कुशवाहा ने कहा कि यह प्रतियोगिता बुंदेलखंड के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
शुक्रवार को यहां स्मिता खेलो इंडिया सीनियर और सब जूनियर महिला खो-खो का आयोजन हुआ। मुख्य अतिथि बांदा-चित्रकूट के सांसद आरके सिंह पटेल,भारतीय खो-खो संघ के महासचिव महेंद्र सिंह त्यागी, विशिष्ट अतिथि कमिश्नर बालकृष्ण त्रिपाठी , मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश , आर एस ओ विजय कुमार, बांदा खो-खो संघ की अध्यक्ष नीतू सक्सेना, और अन्य सम्मानित अतिथि गण उपस्थित रहे। सभी के स्वागत में भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने बहुत ही अच्छी प्रस्तुति कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया।मार्च पास्ट भी निकाली गई जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
सीनियर महिला खो खो लीग में पहला मैच मध्य प्रदेश बनाम मध्य भारत के बीच हुआ। जिसमें मध्य भारत ने 25 अंक हासिल कर जीत दर्ज की।दूसरा मैच उत्तर प्रदेश बनाम दिल्ली के बीच हुआ। जिसमें दिल्ली की कप्तान सुश्री नसरीन शेख रही। नसरीन को वर्ष 2023 में महामहिम राष्ट्रपति ने अर्जुन अवार्ड से सम्मानित किया था। मैच मे 72 अंक हासिल कर दिल्ली की टीम ने जीत हासिल की। तीसरा मैच हरियाणा बनाम उत्तराखंड के बीच हुआ। जिसमें हरियाणा की टीम ने 54 अंक से जीत हासिल की। चौथा मैच उत्तर प्रदेश बनाम हिमाचल के बीच जारी था।
सब जूनियर महिला खो-खो लीग में पहला मैच हरियाणा बनाम मध्य प्रदेश के बीच हुआ। यह मैच बराबरी पर रहा। दूसरा मैच दिल्ली बनाम उत्तर प्रदेश के बीच हुआ जिसमें दिल्ली ने जीत हासिल की। तीसरा मैच हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच हुआ जिसमें हरियाणा ने 8 अंकों से जीत हासिल की। चौथा मैच दिल्ली बनाम मध्य प्रदेश के बीच खेला जा रहा था।

Back to top button