सपा के गढ़ में एमपी के सीएम मोहन यादव उतरे, सपा के कई नेता बीजेपी में शामिल

मैनपुरी। मैनपुरी लोकसभा पर भाजपा ने कब्ज़ा करने के लिये आज नामांकन के दिन ही पूरी ताकत झोंक दी l यादव वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव को उतार दिया l काफी देर से पहुंचे मोहन यादव ने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया।आम सभा में उनका लम्बा इंतजार किया गया, पर वे नहीं पहुंच पाए l
एमपी के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्टेशन रोड स्थित आर्य समाज मंदिर में भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह के केंद्रीय चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर तो बन गया है, अब मुद्दा राधे-राधे का है। उन्होंने मथुरा में भव्य मंदिर बनवाने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कांग्रेस और विरोधी दल सनातन संस्कृति को गाली देते हैं। भाजपा ने सनातन संस्कृति के संरक्षण का काम किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने न केवल अयोध्या में राम मंदिर बनवाया बल्कि अरब में भी मंदिर बनवा दिया।

देर से आने पर माफी मांगी
एमपी के सीएम ने देरी से आने के लिए लोगों से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने एक अलग पहचान बनाई। वहीं उत्तर प्रदेश ने दूसरी बार भाजपा को बहुमत में लाकर इतिहास रच दिया। राम और कृष्ण को याद करते हुए उन्होंने कहा जो लोग कहते थे कि राम और कृष्ण कपोल कल्पनाएं हैं आज वह चुप हैं। नासा भी मान रहा है कि रामसेतु और समुद्र में डूबी द्वारिका उनके होने का प्रमाण है।

अब उत्तर प्रदेश बदल गया है
सीएम मोहन यादव ने कहा कि मैं यादव बंधुओं के बीच आया हूं। जहां भी अन्याय हुआ लोग यादवों की तरफ देखते रहते हैं। जब-जब अन्याय हुआ है भगवान श्रीकृष्ण ने अंत किया। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा सरकार से पहले उत्तर प्रदेश में लूट फरेब से मानवता कराह रही थी, लेकिन अब उत्तर प्रदेश बदल गया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भगवान श्रीराम ने चित्रकूट में अपना लंबा समय बिताया। भगवान श्रीकृष्ण भी शिक्षा लेने उज्जैन गए थे। आज चित्रकूट और उज्जैन का विकास हो रहा है।

भारत माता का शेर जबाव दे सकता हैl
केंद्रीय कार्यालय पर सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले आतंकवाद और घुसपैठ को ठिकाने लगाया। इसके बाद पाकिस्तान को घर में घुसकर ये साबित कर दिया कि भारत माता का शेर जवाब दे सकता है। इतना ही नहीं दूसरे कार्यकाल में 370 हटाने का काम किया। विरोधी कितनी भी गाली दे लें, लेकिन जनता सब जान चुकी है।

भाजपा सभी को मौका दे रहीं
सीएम ने कहा कि लोग कुर्सी के चक्कर में पागल हो जाते हैं। वह चाहते हैं कि वह हटें तो उनकी पत्नी को गद्दी मिल जाए, पत्नी हटे तो बेटे को मिल जाए। एक ही घर में सारे पद लोग लेना चाहते हैं। राजा महाराजा का जमाना चला गया है अब लोकतंत्र है। भाजपा अब सभी को मौका देने का काम कर रही है।

पूर्व चेयरमैन सहित 200 भाजपा में शामिल
मैनपुरी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी जयवीर सिंह पर्यटन मंत्री द्वारा सोमवार को नामाकंन करने के बाद छोटा क्रिश्चियन मैदान में हुई नामांकन सभा में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। डिप्टी सीएम के सामने मैनपुरी नगर पालिका की पूर्व चेयरमैन साधना गुप्ता, प्रमुख उद्योगपति अरुण गुप्ता, सपा के जिला सचिव अंकित गुप्ता, पूर्व प्रत्याशी चेयरमैन बरनाहल महाराज सिंह राजपूत, ग्राम प्रधान ब्रजपाल सिंह यादव, अंकित गुप्ता, प्रमोद यादव, गुड्डू कठेरिया, राजू शाक्य, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ऊषादेवी सहित 200 से अधिक लोगों ने भाजपा की नीतियों में आस्था जताते हुए शामिल होने की घोषणा कीl

Back to top button