पति के हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

पति के हत्या के आरोप में पत्नी गिरफ्तार

उप्र बस्ती जिले में पैसे के लेनदेन के विवाद में अपने पति की धारदार हथियार से हत्या करने की आरोपी महिला को परसरामपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना जिले के परसरामपुर थानाक्षेत्र के रतनपुर गांव की है। शुक्रवार की देर रात पति-पत्नी में बेचे गए जमीन की छह लाख रुपयों को लेकर विवाद हो गया था। मामला इस कदर बढ़ गया था कि पत्नी ने ही अपने पति पर गंडासा से प्रहार कर उसे मार डाला।

घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची स्थनीय पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। हत्या के मामले की जांच-पड़ताल शुरु कर दी है। जानकारी के मुताबिक मृतक राजमनी वर्मा (45) क्षेत्र के रतनपुर गांव का रहने वाला था। कुछ दिन पहले उसने अपनी जमीन छह लाख रुपये में बेच दी थी। वह इन रुपयों से शराब पीने लगा था। उस पैसों को उसकी पत्नी मांग रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तकरार इतनी बढ़ गई कि पत्नी ने उसे मार दिया। इस घटना के संबंध में मृतक के चचेरे भाई सुकई वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने उसकी पत्नी प्रभावती देवी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया था। घटना के बाबत पूछे जाने पर प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने बताया कि अपने पति की हत्या करने वाली अभियुक्ता प्रभावती देवी को 24 घण्टे के अन्दर रतनपुर गांव से ही गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। जहां पर कोर्ट के आदेश पर उसे जेल रवाना कर दिया गया।

Back to top button