सिलीगुड़ी इस्कॉन में स्नान यात्रा में भक्तों का लगा तांता

आज स्नान के बाद 14 दिनों के लिए प्रभु हो जाएंगे बीमार


सिलीगुड़ी: आज शनिवार यानी 22 जून को पूर्वोत्तर के सबसे बड़े सिलीगुड़ी के इस्कॉन मंदिर में देव स्नान पूर्णिमा मनाई जा रही है। यह दिन भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के लिए विशेष माना जाता है। मंदिर के जनसंपर्क पदाधिकारी नाम कृष्ण दास ने बताया की देव स्नान पूर्णिमा पर इस्कॉन मंदिर स्थित जगन्नाथ मंदिर में स्थापित भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहनों की मूर्तियों को विशेष स्नान कराया जा रहा है। मंदिर परिसर में स्नान से पहले भव्य यात्रा निकाली गई है, इसलिए इसे स्नान यात्रा कहा जाता है। कहा जाता है कि रथयात्रा से पहले यह एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया मानी जाती है।
स्नान यात्रा की प्रक्रिया: देव स्नान पूर्णिमा के अवसर पर, हजारों भक्त भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहनों की ‘स्नान यात्रा’ देखने के लिए इस्कॉन पहुंचे हैं। इस त्योहार को कुछ लोग भगवान जगन्नाथ के जन्मदिन के रूप में भी मनाते हैं। ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन, भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र की मूर्तियों को सुबह के समय मंदिर के ‘रत्न सिंहासन’ से बाहर निकाला जाता है। इसके बाद मंत्रोच्चार और घंटा, ढोल, बिगुल और झांझ की ध्वनि के साथ जुलूस निकालकर स्नान वेदी तक लाया जाता है। इसे ‘पहांडी’ जुलूस कहा जाता है। फिर तीनों देवताओं को स्नान कराया जाता है।
जड़ी-बूटी और सुगंधित पानी से स्नान: भगवान के स्नान में जिस पानी का उपयोग किया जाता है, वह जगन्नाथ मंदिर के अंदर मौजूद विशेष कुएं से लिया जाता है। पानी में जड़ी-बूटी और सुगंधित चीजें मिलाई जाती हैं। स्नान के लिए 108 घड़ों का इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद तीनों देवताओं को विशेष परिधान पहनाया जाता है। इसे सादा बेशा कहा जाता है। दोपहर के बाद भगवान को गणेश जी के रूप में सजाया गया है, जिसे हाथी बेशा कहा जाता है। शाम के समय भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा, श्रद्धालुओं को दर्शन देने के लिए प्रकट होते हैं, जिसे सहनामेला कहते हैं।रात के समय आवास में चले जाते हैं भगवान: रात के समय भगवान जगन्नाथ, मंदिर में स्थित एक विशेष आवास में चले जाते हैं। इसे अनासर कहा जाता है। इसके बाद भगवान 14 दिन के लिए बीमार पड़ जाते हैं और अनासर में अपने भक्तों से दूर रहते हैं। फिर 15 दिन बाद भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और भगवान बलभद्र रथ यात्रा ये पहले भक्तों को दर्शन देने के लिए प्रकट होते हैं। इस साल रथ यात्रा 7 जुलाई 2024 से शुरू होकर 16 जुलाई 2024 को समाप्त होगी। रिपोर्ट अशोक झा

Back to top button