झांसी में सिरफिरे आशिक ने ब्यूटी पार्लर में सजने गयी दुल्हन को गोली मारकर उतारा मौत के घाट

 

झांसी जिले में एकतरफा प्यार में पागल एक सिरफिरे आशिक ने रविवार की देर रात ब्यूटी पार्लर के अंदर दुल्हन की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे पहले वह दुल्हन से कहता रहा – मेरे साथ चलो। दुल्हन नहीं गयी।उसने साथ जाने से मना कर दिया। कुछ देर बाद दरवाजे का शीशा तोड़कर आशिक फिर अंदर आया। बोला – तुम मेरी नहीं हुई तो किसी और की नहीं होने दूंगा।यह कहकर उसने दुल्हन के सीने में दो गोली मारी और फरार हो गया। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। दुल्हन के परिजन मौके पर पहुंचे। दुल्हन को झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
वाकया झांसी शहर के सीपरी बाजार क्षेत्र का है। एमपी के दतिया जिले के सोनागिर इलाके के बरगाय गांव के राजकुमार अहिरवार की बेटी काजल (20) की रविवार को शादी थी। पड़ोसी युवक दीपक अहिरवार उसको पसंद करता था। उससे शादी करना चाहता था। परन्तु काजल और उसका परिवार शादी के लिए राजी नहीं था। परिजनों ने काजल की शादी झांसी के चिरगांव के सिमथरी गांव में रहने वाले राज से तय कर दी थी। रविवार की रात झांसी के निशा गार्डन मैरिज हाल में शादी होनी थी। इसके लिए काजल अपने परिवार के साथ रविवार शाम को ही मैरिज हॉल पहुंच गई थी। निशा गार्डन से करीब 200 मीटर दूर एक ब्यूटी पार्लर में दुल्हन काजल देर शाम तैयार होने पहुंची। साथ में उसकी चचेरी बहने नेहा, मुस्कान, वंदना और अनुष्का भी थीं। नेहा और अनुष्का ने बताया कि रात करीब 10 बजे दीपक आया। उसने सीधे ब्यूटी पार्लर का गेट खोला और काजल से बातचीत करने लगा। साथ चलने को कहा, तो काजल ने मना कर दिया। इस पर पार्लर चलाने वाली महिला ने दीपक को बाहर निकाल दिया और अंदर से गेट बंद कर दिया। चचेरी बहन नेहा ने बताया कि उन्हें बाहर से दीपक के चिल्लाने की आवाज सुनाई देती रही। कुछ देर बाद उसने दरवाजे का शीशा तोड़ दिया। अंदर आकर धमकी दी और तंमचा निकाल कर काजल पर गोली चला दी। गोली लगते ही काजल नीचे गिर गई।
दुल्हन काजल को गोली लगने की खबर जैसे ही मैरिज हाल पहुंची,परिजनों और रिश्तेदारों मे चीख पुकार मच गयी। परिजन तुरंत ब्यूटी पार्लर की तरफ भागे और काजल को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसएसपी झांसी राजेश एस. ने बताया कि शादी से कुछ घंटे पहले ही दुल्हन की गोली मारकर हत्या की गई है। आरोपित दीपक दुल्हन का पीछा करते हुए झांसी आया था। आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की दो टीमें दतिया भेजी गई हैं। घर के साथ ही जहां-जहां उसके रिश्तेदार हैं, वहां भी छापेमारी की जा रही है। युवक की जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Back to top button