दुबई जेल मे बंद शहजादी के अब्बा ने बेटी को बचाने के लिये लगाई मोदी से गुहार

 

बुन्देलखंड के बांदा जिले के गोयरा मुगली गांव की युवती शहजादी को 20 सितंबर के बाद दुबई मे किसी भी दिन फांसी पर लटका दिया जायेगा। दुबई की एक अदालत ने एक बच्चे की हत्या के जुर्म मे उसे मौत की सजा सुनाई है। बचपन में एक दुर्घटना में चेहरे का कुछ हिस्सा झुलस जाने के बाद वह अपने फेसबुकिया ब्वाय फ्रेण्ड के बहकावे पर इलाज की आस में वर्ष 2021 मे दुबई पहुंची थी। लेकिन वहां एक साजिश के तहत उसे एक बच्चे की हत्या का मुजरिम बना दिया गया। वर्ष 2022 से वह दुबई की एक जेल मे बंद है। मुकदमे मे पेश किये गये तमाम तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर वह बच्चे की हत्या के आरोप मे दोषी पाई गयी,और इसी आधार पर उसे कुछ महीने पहले मौत की सजा सुनाई गयी है। शहजादी के पिता शब्बीर खान के मुताबिक उसे 20 सितंबर के बाद किसी भी दिन फांसी पर लटकाया जा सकता है। बेटी को मौत से बचाने के लिये उसका परिवार अब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मदद की गुहार लगा रहा है।

प्रेमजाल में फंसकर पहुंची दुबई
“””””””””””””””””””””””””””””””””””””””
बांदा के मटौंध थाना क्षेत्र के गोयरा मुगली गांव के रहने वाले शहजादी के पिता शब्बीर खान ने बताया कि शहजादी, 8 साल की उम्र में एक दुर्घटना में झुलस गई थी। कुछ साल पहले उसकी मुलाकात आगरा के उजैर नामक युवक से फेसबुक पर हुई थी।उजैर ने शहजादी से उसके झुलसे हुए चेहरे का इलाज दुबई में कराने का वादा किया था।शहजादी यहां बांदा शहर के रोटी बैंक नामक संस्था मे काम करती थी।इलाज की उम्मीद में, वह 2021 में पहले उजैर के पास आगरा पहुंची,जहां से उजैर ने टूरिस्ट पासपोर्ट और बीजा आदि बनवाकर अपनी कथित बुआ के पास दुबई भिजवा दिया।

बेटी को बेंचने का लगाया आरोप
“”””””””””””””””””””””””””””””””””””””””

शहजादी के पिता शब्बीर खान का आरोप है कि उजैर ने शहजादी को दुबई के अबूधाबी में अपनी कथित बुआ के हाथों दो लाख रुपये मे बेंच दिया था। शहजादी जिस घर में रह रही थी, वहां एक दंपति अपने चार महीने के बच्चे के साथ रहते थे। शब्बीर ने बताया कि उसकी बेटी शहजादी ने फोन पर बताया था कि उसे यहां मारा-पीटा जाता था। शारीरिक और दैहिक शोषण भी किया जाता था। एक दिन अचानक दम्पत्ति के बच्चे की मौत हो गई और इस घटना के लिए शहजादी को दोषी ठहरा दिया गया।

मामले मे हुई मौत की सजा
“”””””””””””””””””””””””””””””””””””””””

बच्चे की मौत के मामले मे दूबई पुलिस ने शहजादी को गिरफ्तार कर अबूधाबी जेल मे बंद कर दिया। मामला अदालत मे पहुंचा। कोई प्रभावी पैरवी न होने के कारण दुबई की अदालत ने शहजादी को मौत की सजा सुना दी। उसकी अपील भी खारिज कर दी गई है।और अब 20 सितंबर के बाद कभी भी उसे फांसी हो सकती है।

परिवार की अपील
“”””””””””””””””””””””””””””
भारत में शहजादी के पिता शब्बीर खान ने बांदा जिले के मटौंध थाना में उजैर और उसके रिश्तेदारों सहित 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसके साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मदद की गुहार लगाई है। शब्बीर का कहना है, “हमारी बेटी की जान खतरे में है। हमें विदेश मंत्रालय से आश्वासन मिला है, लेकिन समय तेजी से निकल रहा है।

राजनीतिक दलों समेत बांदा के
लोग सडकों पर उतरे
“”””””””””””””””””””””””””””””””””””””””
शहजादी को बचाने के लिये विभिन्न राजनीतिक दल,महिला संगठन, समाजसेवी,और जिले के अधिवक्ता सडकों पर उतर पडे हैं। अधिवक्ता संघ ने हाईकोर्ट मे जनहित याचिका और राजनैतिक दलों ने लखनऊ,दिल्ली मे धरने का एेलान किया है। जिला अधिवक्ता संघ बांदा के अध्यक्ष अशोक दीक्षित ने पत्रकारों से बातचीत करते हुये कहा कि दुबई मे शहजादी के साथ घोर अन्याय हुआ है। जिले के अधिवक्ता पीडित परिवार के साथ हैं। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से हमारा अनुरोध है कि अबूधाबी जेल मे बंद शहजादी को न्याय दिलाने मे वे आगे आयें। बांदा के मटौंध थाने मे शहजादी के परिजनो की तरफ से दर्ज करायी गयी अपराध संख्या 101/24 की एफआईआर की जांच किसी उच्चस्तरीय जांच एजंसी से करायें,ताकि देश की बेटियों को बरगलाकर दुबई आदि देशों मे बेंचने वालों का खुलासा हो सके।कांग्रेस,सपा,और बुन्देलखंड इंसाफ सेना ने राष्ट्रपति,प्रधानमंत्री, और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मार्मिक पत्र,भेजकर शहजादी को बचाने और उसे दुबई मे बेंचने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।

Back to top button