एसपी ने दो थानेदारों को हटाया नौंवे दिन विधायक का धरना समाप्त

एसपी ने दो थानेदारों को हटाया नौंवे दिन विधायक का धरना समाप्त

श्रीकांत पांडेय
उप्र सिद्धार्थनगर जिले में एसपी प्राची सिंह को हटाने, शोहरतगढ़ढेबरुआ थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर नगर पालिका पर गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना दे रहे शोहरतगढ़ से अपना दल एस विधायक विनय वर्मा का धरना बुधवार को नौंवे दिन शोहरतगढ़ढेबरुआ थानाध्यक्ष को हटाने के बाद समाप्त हो गया। कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी, भाजपा जिला प्रभारी हरिचरण कुशवाहा व भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने जूस पिलाकर धरना समाप्त कराया।

शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा ने 10 सितंबर की शाम से शहर की नगर पालिका पर गांधी प्रतिमा के सामने पुलिसिया उत्पीड़न व भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए धरना शुरू किया था। इस बीच उनके पास भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी का भी फोन आया था लेकिन विधायक इस बात पर अड़े रहे कि एसपी को हटाए बगैर वह धरना समाप्त नहीं करेंगे। अचानक बुधवार एसपी ने शोहरतगढ़ थानाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह व ढेबरुआ थानाध्यक्ष शशांक सिंह को हटा दिया।
दोनों थानाध्यक्षों के हटने के बाद कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी, भाजपा जिला प्रभारी हरिचरण कुशवाहा और भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान धरना स्थल पर पहुंच गए और धरनारत विधायक को जूस पिलाकर धरना समाप्त करा दिया।

Back to top button