बंगाल में हिंदी भाषियों का नाम हटाया जा रहा वोटर लिस्ट से, शिकायत लेकर गृहमंत्री तक पहुंचे सुकांत मजूमदार

अशोक झा, कोलकाता: बंगाल में फर्जी वोटर विवाद गहराता जा रहा है। राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और तृणमूल कांग्रेस आमने-सामने हैं। पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर आरोप लगाया कि हिंदू बंगाली और हिंदीभाषी मतदाताओं के नाम चुन-चुनकर वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं।इस मुद्दे पर अमित शाह और सुकांत मजूमदार के बीच लंबी चर्चा हुई। बैठक में बंगाल भाजपा की आगामी रणनीति पर भी चर्चा हुई। इस दौरान राज्य भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर भी बातचीत हुई, लेकिन अब तक भाजपा ने केवल 25 जिलों के अध्यक्षों की घोषणा की है, जबकि 18 जिलों के अध्यक्षों की घोषणा बाकी है।वहीं, पार्टी के अंदर गुटबाजी भी सामने आई है। कुछ संगठनों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है। इसी बीच, भाजपा नेता दिलीप घोष का नाम भी अध्यक्ष पद की दौड़ में आ रहा है, लेकिन हाल ही में खड़गपुर में महिलाओं को लेकर की गई एक विवादित टिप्पणी के बाद उनके नाम पर संशय बना हुआ है। राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, सुकांत मजूमदार की यह मुलाकात बंगाल की राजनीति के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।