बुलंदशहर की जेल में 23 मुस्लिम बंदियों ने रखा नवरात्रि का व्रत, कर रहें हवन-पूजन

एक मुस्लिम महिला समेत 23 मुस्लिम बंदियों ने भी रखा है व्रत

 

बुलंदशहर जिले में नवरात्रि पर्व पर धूम धाम से श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की तो वही बुलंदशहर की जिला कारागार में भी नवरात्रि की धूम मची है। जेल में निरूद्ध हिंदू बंदियों के साथ साथ एक मुस्लिम महिला समेत 23 मुस्लिम बंदियों ने भी नवरात्र पर व्रत रखा। बाकायदा हवन यज्ञ और पूजा-अर्चना भी की। जिला जेल के जेल अधीक्षक आरके जयसवाल ने बताया कि बुलंदशहर जेल में हिंदू मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकजुट होकर नवरात्र पर्व की शुरुआत की और सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की है। जेल के बंदियों ने पेश की सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल बुधवार को शुरू हुए चैत्र नवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिरों में आदि शक्ति मॉ दुर्गा की जय जयकार गुंजाय मान रही। वहीं दूसरी ओर जिला कारागार में भी मॉ दुर्गा का गुणगान किया गया। जेल सुपरिंटेंडेंट आरके जयसवाल ने बताया कि प्रातः काल में कारागार में निरुद्ध प्रत्येक वर्ग एवं धर्म के बंदियों द्वारा मॉ दुर्गा की पूजा अर्चना एवं स्तुति की गई। जिला कारागार बुलन्दशहर में कुल 1288 बंदियों द्वारा नवरात्रि का व्रत रखा गया। जिनमें से 1212 हिन्दू पुरुषों बंदियों एवं 53 हिन्दू महिलाओं बंदियों के अतिरिक्त 22 मुस्लिम पुरूष बंदियों एवं 1 मुस्लिम महिला बंदी द्वारा अपनी मर्जी से पूर्ण श्रद्धा के साथ नवरात्र व्रत रखा गया। व्रतधारी मुस्लिम बंदियों ने हिंदू सनातनी बंदियों के साथ मिलकर वैदिक मंत्रोच्चारण और विधि विधान के साथ हवन यज्ञ कर पूजा अर्चना की। मॉ दुर्गा के भजन एवं भेट गाकर भजन संध्या का कार्यक्रम भी किया गया। कारागार प्रशासन द्वारा सभी व्रतधारियों के लिए फलाहार एवं व्रत के भोजन इत्यादि की पूर्ण व्यवस्था की गई। जिसे निर्धारित समयानुसार बंदी के मध्य वितरित किया गया। जेल अधीक्षक आरके जायसवाल ने बताया हिंदू मुस्लिम दोनों संप्रदाय के लोगों ने मिलजुल कर नवरात्र पर्व पर पूजा अर्चना कर सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल पेश की है।

Back to top button