खतरे के निशान से 26 सेंटीमीटर ऊपर बह रही घाघरा नदी

खतरे के निशान से 26 सेंटीमीटर ऊपर बह रही घाघरा नदी

बैराजों से नदी में छोड़ा गया 306429 क्यूसेक पानी

नदी के बढ़ते जल स्तर पर निगरानी में जुटे अफसर

बहराइच : पहाड़ व तराई इलाके में हुई बारिश के बाद घाघरा नदी एल्गिन ब्रिज पर खतरे के निशान को पार कर गई है। नदी खतरे के निशान से 26 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। नदी से सटे गांव में पानी भर गया है। प्रशासन ने संभावित बाढ़ के मद्देनजर बाढ़ राहत चौकियों को अलर्ट कर दिया है। तहसीलदार व राजस्व लेखपालों को अपने अपने गांव में नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के साथ ही बैराजों से 306429 क्यूसेक पानी सोमवार को घाघरा नदी में छोड़ा गया। गिरिजापुरी बैराज से 155103 क्यूसेक, गोपिया बैराज से 1448 क्यूसेक व शारदा बैराज से 149978 क्यूसेक पानी नदियों में डिस्चार्ज किया गया। मोतीपुर, महसी व कैसरगंज तहसील क्षेत्र के नदी से सटे गांव में राजस्व के अधिकारी बढ़ते जलस्तर का आकलन करने में जुटे हुए हैं। आपदा कार्यालय हालात से निपटने की तैयारियों पर नजर रखे हुए हैं। एसडीएम कैसरगंज पंकज दीक्षित ने बताया कि नदी का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर हो गया है। जल स्तर पर नजर रखी जा रही है।

 

 

Back to top button