याद किए गए स्वतंत्रता सेनानी दिनेश चंद्र गुप्ता
![](https://roamingexpress.com/wp-content/uploads/2023/12/IMG-20231206-WA0201-768x470.jpg)
सिलीगुड़ी: देश के लिए अपनी जान देने वाले स्वतंत्रता सेनानी दिनेश चंद्र गुप्ता को आज याद किया गया। सिलीगुड़ी जलपाई मोर स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से श्रद्धांजलि दी गई। कहा गया की दिनेश गुप्ता का जन्म 6 दिसंबर 1911 में ग्राम जोशोलोंग जिला मुंशीगंज (वर्तमान बंगलादेश) में हुआ। प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के पश्चात स्नातक शिक्षा प्राप्त करने हेतु ढाका कॉलेज में प्रवेश लिया। वहीं दिनेश गुप्ता ने सन 1928 में बंगाल क्रांतिकारी संघ (नेताजी सुभाष चन्द्र बोस द्वारा गठित) की सदस्यता ग्रहण की। जो प्रारंभ में राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी का घटक दल थी परन्तु कालान्तर में कांग्रेस की नीतियों से खिन्न होकर स्वयं को अलग कर सशस्त्र क्रांति से जोड़ लिया एवं क्रूर अँगरेज़ अधिकारीयों को दंड देने की ठानी। दिनेश गुप्ता ने स्थानीय क्रांतिकारियों के साथ मिदनापुरे में शस्त्र चलाने का प्रशिक्षण लिया क्रांतिकारियों का लक्ष्य तीन अँगरेज़ जिलाधिकारी डगलस, बर्गे और पेड्डी था। परन्तु उनका मुख्य लक्ष्य क्रूर अँगरेज़ अधिकारी कर्नल एन. एस. सिम्पसन था, वह बंगाल का मुख्य पुलिस अधीक्षक था। वह जेल में बंद क्रांतिकारियों को घोर अमानवीय यातनाएं दिया करता जिसके कारण उसे दण्डित करना परमावश्यक हो गया था। ८ दिसम्बर 1930 को दिनेश चंद गुप्ता और बादल गुप्ता के साथ बिनोय ने यूरोपियन वेशभूषा धारण कर रायटर्स बिल्डिंग में घुस सिम्पसन, डगलस, बर्गे और पेड्डी को मार गिराया यह देख अँगरेज़ अधिकारियों ने फायरिंग करनी प्रारंभ कर दी अँगरेज़ अधिकारी एवं अँगरेज़ पुलिस के साथ तीनों क्रांतिकारियों ने जम कर संघर्ष किया और तवयनम, प्रेन्टिस और नेल्सन नामक अँगरेज़ अधिकारीयों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।पुलिस ने उन्हें चारों ओर से घेर रखा था परन्तु उन तीनों का लक्ष्य अंग्रेजों के हाथों बंदी होना नहीं था अतः गोलियाँ समाप्त होने पर बादल ने साइनाइड खा कर अपने क्रांतिकारी जीवन का अंत किया, बिनोय और दिनेश ने अपनी ही कनपटी पर बन्दुक रखकर गोली चला दी परन्तु वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सरकारी चिकित्सालय में चिकित्सा के लिए रखा गया ताकि बचने के पश्चात उन्हें फाँसी पर चढाया जा सके परन्तु बिनोय ने उनकी इस इच्छा को पूरा न होने दिया एवं 13 दिसंबर1930 को सरकारी चिकित्सालय में वीरगति को प्राप्त हुए।।परन्तु दिनेश गुप्ता को बचा लिया गया और उन पर सरकार विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने व सरकारी अधिकारियों की हत्या का मामला चलाया गया। 7 जुलाई 1931 को 19 वर्ष की आयु में फाँसी पर चढा दिया गया दिनेश गुप्ता ने फाँसी से पहले कुछ पत्र लिखे जिसमें उन्होंने देश के युवकों को देश की स्वतंत्रता की राह पर जीवन समर्पित करने के लिए प्रेरित किया। इन तीनों महानायकों के बलिदान ने बंगाल में क्रांतिकारियों में स्वतंत्रता की अग्नि को जलाये रखा एवं स्वतंत्रता प्राप्ति के पश्चात डलहौजी स्क्वायर (जहाँ रायटर्स बिल्डिंग स्थित थी) का नाम बदल कर बी.बी.डी.बाग (बादल बिनोय दिनेश बाग) रख दिया गया। रिपोर्ट अशोक झा