भारी बर्फबारी के चलते पूर्वी सिक्किम में फंसे 800 से ज्यादा पर्यटकों को सुरक्षित बचाया गया

सिलीगुड़ी: कहते है की कभी मजा करना सजा बन जाता है। सिक्किम में बर्फबारी का आनंद लेने के लिए बड़ी संख्या में पूर्वी सिक्किम पहुंचे थे। भारतीय सेना ने खराब मौसम और भारी बर्फबारी के चलते पूर्वी सिक्किम में फंसे 800 से ज्यादा पर्यटकों को सुरक्षित बचाया। ये सभी पर्यटक पूर्वी सिक्किम के ऊंचाई वाले इलाके बुधवार दोपहर (13 दिसंबर) को फंस गए थे।भारतीय सेना के त्रिशक्ति कोर के जवान इन पर्यटकों के लिए देवदूत साबित हुए. सेना के जवानों ने बचाव अभियान चलाया और इन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। बचाये गए लोगों में ज्यादातर बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चें शामिल हैं. बचाव अभियान अब भी जारी है और पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है। भारतीय सेना उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रही है, जहां उनके रहने, खाने, गर्म कपड़े और चिकित्सकीय सहायता की व्यवस्था की गई है. फंसे हुए पर्यटकों को ठहराने के लिए सैनिकों ने अपनी बैरकें तक खाली कर दीं हैं।भारतीय सेना के त्रिशक्ति कोर के जवानों की त्वरित प्रतिक्रिया ने फंसे हुए पर्यटकों को जल्द से जल्द निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया. फंसे हुए पर्यटकों ने सेना द्वारा तत्काल राहत प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया. भारतीय सेना हिमालय के अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों (Super High-Altitude ) में सीमा की रक्षा करते हुए, पर्यटकों और स्थानीय आबादी को सहायता प्रदान करने में हमेशा सक्रिय रहती है. इससे पहले इस साल मार्च महीने में भी भारतीय सेना के जवानों और स्थानीय पुलिस ने मिलकर भारी बर्फबारी के बीच नाथुला और त्सोमगो झील से गंगटोक जाने के रास्ते में फंसे लगभग 900 पर्यटकों को सुरक्षित बचाया था। @रिपोर्ट अशोक झा

Back to top button