बीजेपी को आगामी लोकसभा चुनाव में हराएंगे: राहुल गांधी

कोलकाता: राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से 14 जनवरी से शुरू होने के बाद आज तीसरे दिन नगालैंड की राजधानी कोहिमा के विसवेमा में पहुंची है। कोहिमा के विसवेमा में पहुंचे कांग्रेस पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हम इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे और बीजेपी को आगामी लोकसभा चुनाव में हराएंगे। नागालैंड के कोहिमा में प्रेस से बात करते हुए भारत जोड़ो न्याय यात्रा के तीसरे दिन कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “पिछले साल हम कन्याकुमारी से कश्मीर तक चले, इसके बाद काफी लोगों ने हमें कहा था कि पूर्व से पश्चिम भी यात्रा करनी चाहिए। मणिपुर से यह यात्रा शुरू हुई, मणिपुर के साथ काफी अन्याय हुआ है। महीनों से हिंसा चल रही है। यहां भाजपा नहीं पहुंची। इसके बाद हम नागालैंड पहुंचे यहां भी प्रधानमंत्री ने नागालैंड के लोगों से एक वादा किया गया था लेकिन उसे भी पूरा नहीं किया।”उन्होंने कहा कि भारत जोड़ों न्याय यात्रा विचारधारा की यात्रा है। INDIA गठबंधन चुनाव लड़ेगा और जीतेगा। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह पर राहुल गांधी ने कहा, “22 जनवरी का जो कार्यक्रम है वो राजनीतिक कार्यक्रम बन गया है। बीजेपी और RSS ने 22 तारीख को एक चुनावी फ्लेवर दे दिया है और इसलिए कांग्रेस अध्यक्ष ने वहां जाने से इंकार कर दिया।”
कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा ने प्रेस से बात करते हुए कहा कि देश में जितना कृषि बजट दिखाया जा रहा है, वो छल है- क्योंकि खर्च नहीं किया जा रहा है। वहीं, दूसरी तरफ देश के ओवरआल बजट के मुकाबले कृषि बजट में हर साल गिरावट हो रही है। आंकड़ों की बात करें तो साल 2013-14 के मुकाबले किसानों पर 2018-19 में 60% ज्यादा कर्ज था। इसके अलावा, MSP की मांग को भी पूरा किया जा सकता था, जिसे लेकर किसानों ने आंदोलन भी किया था। उन्होंने कहा कि देश के 80% किसानों को गेंहू और 76% किसानों को धान पर MSP नहीं मिलती है। UPA की सरकार में गेहूं की MSP 119% बढ़ाई गई थी। जबकि मौजूदा BJP सरकार ने गेहूं की MSP में सिर्फ 47% की बढ़ोतरी की। UPA की सरकार ने धान की MSP में 134% की वृद्धि की थी, जबकि BJP सरकार ने मात्र 50% की बढ़ोतरी की। जहां UPA की सरकार में MSP की रिकॉर्ड बढ़ोतरी हुई, कर्जा माफी हुआ; वहीं BJP की सरकार में ना MSP बढ़ी, ना कर्ज माफ हुआ। “किसान की आय दोगुनी होगी”- ये भी किसान के साथ बड़ा छल था। उन्होंने कहा कि जब दुनिया के बाजारों में गेंहू, धान और अन्य अनाजों का भाव मिल सकता है, तब एक्सपोर्ट बैन कर दिया जाता है। जहां इंपोर्ट करना होता है, वहां तुरंत सारे कायदे-कानूनों को ताक पर रख दिया जाता है। यह देश के किसान पर मोदी सरकार की दोहरी मार है। ऐसे में फरवरी में फिर से किसान आंदोलन की बातें उठ रही हैं, क्योंकि सरकार ने जो भी बातें किसानों की मानी थीं, वो पूरी नहीं हुईं। मोदी सरकार की सोच किसान विरोधी है।
पिछले साल हमने कन्याकुमारी से कश्मीर तक (भारत जोड़ो) यात्रा की थी- राहुल गांधी
नागालैंड में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, “पिछले साल हमने देश को, अलग-अलग संस्कृतियों, अलग-अलग धर्मों, अलग-अलग भाषाओं को एक साथ लाने के लिए कन्याकुमारी से कश्मीर तक (भारत जोड़ो) यात्रा की थी और हमारा विचार था कि हमें पूर्व से पश्चिम तक एक यात्रा करनी चाहिए।” रिपोर्ट अशोक झा