गोंडा में चली गोली, बस्ती की महिला की मौत
गोंडा में चली गोली, बस्ती की महिला की मौत
उप्र गोंडा के मसकनवा में रास्ते में पटरा लगाने को लेकर पूर्व में हुए विवाद के कारण एक फौजी ने अपने पड़ोसी के घर पर गोलियों से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में सात लोग घायल हो गए। फायरिंग में एक 58 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर की है। गोंडा के मसकनवा चौकीक्षेत्र के महुलीखोरी गांव निवासी बाबूराम जायसवाल ने बताया कि उनके छोटे बेटे अमनदीप की शादी थी। बरात रामनगर बस्ती जानी थी। घर के सामने बने मंडप में टेंट के नीचे भोजन और बरात की तैयारी चल रही थी। परिवार और पड़ोसी रिश्तेदार दरवाजे पर बैठे थे। अचानक घर के बगल के सीताराम असलहे से लैस दर्जनभर साथियों संग घर पर हमला कर दिया। बाबूराम का कहना है कि सीताराम यादव ने असलहे से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। फायरिंग में दूल्हे की मामी झिनपता उम्र 58 वर्ष पत्नी अमेरिका, निवासी जोगापुर थाना परशुरामपुर जिला बस्ती, चाचा रामदेव जायसवाल 50 वर्ष, भाई दीपक जायसवाल 29 वर्ष, चचेरी बहन पिंकी जायसवाल 17 वर्ष, चचेरा भाई सत्यम जायसवाल 18 वर्ष, पड़ोसी की लड़की लक्ष्मी यादव 13 वर्ष, मैसेरे भाई किशोर कुमार 38 वर्ष निवासी वेरता थाना परशुराम जिला बस्ती, दूल्हे अमनदीप को भी पैर में चोटे आई हैं। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छपिया ले जाया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि घायलों की स्थिति गंभीर होने के कारण जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। इस बाबत एसओ सतेंद्र वर्मा ने बताया कि रास्ते में घायल महिला झिनपता की मौत हो गई, मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के मुताबिक केस दर्ज किया जाएगा।