भाजपा जीती तो खत्म हो जाएगा लोकतंत्र- पूर्व मंत्री रामप्रसाद चौधरी
भाजपा जीती तो खत्म हो जाएगा लोकतंत्र- पूर्व मंत्री रामप्रसाद चौधरी

उप्र बस्ती इंडिया गठबंधन की पहली बैठक कांग्रेस पार्टी के कटेश्वर पार्क स्थित कार्यालय परिसर में शनिवार को हुई। गठबंधन के प्रत्याशी व पूर्वमंत्री रामप्रसाद चौधरी ने कहा कि देशभर में ऐसा माहौल बन गया है कि नौकरशाह सरकारी एजेंट बनकर कार्य कर रहे हैं। इस बार भाजपा जीती तो लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, एक तानाशाह के हाथों में देश की कमान होगी। जनता को तय करना है कि मताधिकार खोना है या लोकतंत्र को और ज्यादा मतबूती देनी है। इलेक्टोरल बांड, दलितों, महिलाओं पर हो रहे अत्याचार, बेरोजगारी, पेपर लीक, चंडीगढ़ मेयर चुनाव धांधली जैसे तमाम प्रकरण हैं, जिनको लेकर भाजपा कार्यकर्ता खुद शर्मसार हैं। देश में सच और झूठ के बीच जंग चल रही है। राहुल गांधी ने एक वर्ष के भीतर जिन मामलों को उठाया है उनको लेकर सरकार की पोल खुली है।
जिलाध्यक्ष/ विधायक महेंद्रनाथ यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन की जीत से देश से नफरत का माहौल खत्म होगा, विकास की गंगा बहेगी। पूर्व विधायक अंबिका सिंह ने कहा कि देश कभी गोडसे का समर्थन नहीं कर सकता। देवेंद्र श्रीवास्तव ने कहा विदेशों में जाकर प्रधानमंत्री मजबूरी में गांधी जी को महिमा मंडित करते हैं। अध्यक्षता कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष ज्ञानेंद्र पांडेय ने कहा कि गठबंधन उम्मीदवार की शानदार जीत दर्ज कराने के लिए कांग्रेस का एक एक कार्यकर्ता पूरी ताकत से लगेगा। संचालन प्रवक्ता मो. रफीक खां ने किया।
पूर्व विधायक रामजियावन, काजी सुहेल अहमद, अनिरूद्ध त्रिपाठी, नर्वदेश्वर शुक्ला, जयंत चौधरी, महेंद्र श्रीवास्तव, बाबूराम सिंह, गिरजेश सहित तमाम लोग मौजूद रहे।