झांसी में मां ने जिस बेटी व नातियों की हत्या का दर्ज कराया था मुकदमा,14 महीने बाद मध्यप्रदेश में प्रेमी के साथ जीवित मिली

 

झांसी जिले के एक गांव की महिला ने अपनी जिस बेटी और उसके दो बच्चों की हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था,वह मध्य प्रदेश के सिहोर इलाके में अपने प्रेमी के साथ जीवित मिली है। 14 महीने बाद पुलिस ने तीनों को जिंदा ढूंढ निकाला। पुलिस को उन तीनों तक पहुंचाने में एक वीडियो की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस वीडियो को ट्रेस करते हुए पुलिस उन तक पहुंच गई और तीनो को जीवित पकडकर हत्या के इस झूठे मामले का खुलासा कर दिया।
रक्सा थाना क्षेत्र के डेली गांव निवासी छाया की शादी वर्ष 2016 में सामूहिक विवाह सम्मेलन में दतिया के ठंडी सड़क निवासी चंदन कुशवाहा से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक था। इस बीच छाया के दो बच्चे निखिल ( 7) और जयदेव ( 4) हो गए।छाया का पति चंदन सब्जी बेचने के साथ पेंटर का भी काम करता था। सब कुछ ठीक चल रहा था। इस बीच करेरा गांव का सोबरन साहू छाया के मायके वाले घर में किराये पर रहने लगा। छाया का अक्सर मायके में आना-जाना होता था। करीब दो साल पहले सोबरन और छाया के बीच दोस्ती हो गई और जल्द ही दोस्ती प्यार में बदल गई। छाया और सोवरन दोनों फोन पर अक्सर बातचीत करते थे। पति ने छाया को कई बार फोन पर प्रेमी से बात करते पकडा़ था। इससे दोनों के बीच झगड़ा होने लगा। पत्नी की हरकतों से परेशान होकर चंदन ने 19 जनवरी 2023 को छाया और दोनों बेटो को उसके मायके डेली गांव में छोड़ दिया। उसी दिन छाया अपने दोनों बच्चों को लेकर प्रेमी के साथ गायब हो गई। छाया की मां सुखवंती समझ रही थी कि छाया और दोनों बच्चों को उसके ससुराल वालों ने मार कर कही गायब कर दिया है। इसे लेकर छाया के ससुराल और मायके पक्ष के बीच झगड़ा भी हुआ था।
जब बेटी और उसके बच्चों का सुराग नहीं लगा तो मां सुखवंती ने ससुरालियों पर तीनों का मर्डर कर शव गायब करने का आरोप लगाते हुए न्यायालय से दमाद चंदन समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। अचानक कुछ दिन पहले छाया ने पति को फोन लगाकर बात की। पति ने दोनों बेटों के बारे में पूछा तो उसने एक वीडियो भेजा और कहा- देखो दोनों बेटे अच्छे स्कूल में पढ़ रहे हैं। दो मिनट के वीडियो में बच्चे स्कूल के अंदर कार्यक्रम में डांस कर रहे थे। जबकि पीछे लगे एक बैनर पर स्कूल का नाम लिखा था। पति वीडियो लेकर पुलिस के पास पहुंच गया। इसके जरिए रक्सा पुलिस सीहोर पहुंची। छाया और उसके दोनो बच्चों को पकड़ कर झांसी के रक्सा थाने ले आई।
रक्सा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि शुक्रवार को न्यायालय में छाया के बयान कराए गए हैं। उसने प्रेमी के साथ रहने की इच्छा जताई है।

Back to top button