फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव
उप्र बस्ती जिले में दुबौलिया थाना क्षेत्र के छपिया मलिक गांव में 32 वर्षीय विवाहिता का उसके कमरे में छत के कुंडे से लटका शव मिला। घटना की सूचना पर पहुंची दुबौलिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना क्षेत्र के छपिया मलिक गांव निवासी कौशल्या देवी के पति चंद्र प्रकाश मुंबई में रहते हैं। रविवार को घर पर सिर्फ ससुर केशव राम एवं कौशल्या की डेढ़ वर्षीय पुत्री साक्षी मौजूद थी। शाम चार बजे उसके ससुर खेत से लौटकर आए और बहू को आवाज दी। कोई जवाब न मिलने पर अंदर गया तो कमरे में फंदे से लटका उसका शव देखा। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक दुबौलिया संजय कुमार ने बताया कि सीओ कलवारी के साथ मौके पर पहुंचकर छानबीन की गई। अभी तक घटना के कारणों के संबंध में कुछ पता नहीं चल सका है। परिवार की तरफ से तहरीर भी नहीं दी गई है। उसके मायके वालों को भी सूचना दी गई है।