अद्भुत संयोग लेकर आ रहा इस बार दो माह का सावन

अद्भुत संयोग लेकर आ रहा इस बार दो माह का सावन
बस्ती। इस वर्ष सावन दो माह का होगा। दरअसल सावन व अधिमास का विलय हो रहा है। ऐसे में आराध्य देव शिवजी के पूजन को आठ सोमवार मिलेंगे। सैकड़ों वर्षों बाद यह संयोग बन रहा है। दो महीने तक शिव मंदिरों में भोलेनाथ के जयकारे गूंजेंगे। हर साल एक माह के सावन मास में भगवान भोलेनाथ की आराधना की जाती है। सावन का महीना देवों के देव महादेव को समर्पित माना जाता है। इस माह शिवभक्त पूरी श्रद्धा से अपने आराध्य देव की पूजा करते हैं। हर साल सावन मास की शुरुआत आषाढ़ माह की पूर्णिमा तिथि के अगले दिन से होती है। इस बार सावन महीने की शुरुआत चार जुलाई को होगी और 31 अगस्त को सावन समाप्त होगा। इस वर्ष शिव भक्तों को उपासना के लिए 59 दिन मिल रहे हैं। यह संयोग सैकड़ों वर्ष बाद बन रहा है। जब दो महीने का सामान एकसाथ आया हो।
पंडित वेदप्रकाश मिश्र के मुताबिक धर्म शास्त्रों में अधिक मास के स्वामी भगवान विष्णु बताए गए हैं। जबकि सावन का महीना भगवान शिव को समर्पित है। ऐसे में इस बार सावन और अधिक मास साथ-साथ पड़ने से भगवान शिव के साथ भगवान विष्णु की भी कृपा प्राप्त होगी। हिंदू धर्म में सावन का महीना बेहद पवित्र माना जाता है। इस पूरे माह शिवभक्त अपने आराध्य को प्रसन्न करने और उनकी कृपा पाने के लिए विधिविधान से पूजन करते हैं। कुंवारी कन्याएं मनचाहा जीवनसाथी पाने के लिए सोलह सोमवार का व्रत भी रखती हैं। जिसकी शुरुआत सावन महीने से ही होती है।
दो महीने के सावन में आठ सोमवार
वैदिक पंचांग की गणना और मास के आधार पर चंद्रमा 354 दिनों का होता है और सौर मास 365 दिन का होता है। इस तरह 11 दिन का अंतर आता है और तीसरे साल यह अंतर 33 दिन का हो जाता है। जिसे अधिक मास कहा जाता है। आधे सावन के बाद अधिक मास उसके बाद फिर आधा सावन का योग मिल रहा है। ऐसे में भगवान शिव की आराधना, जलाभिषेक व रुद्राभिषेक करने का फल श्रद्धालुओं को अधिक मिलता है। सबसे महत्वपूर्ण विषय यह है कि सावन महीने के सोमवार को भगवान भोलेनाथ की मुख्य आराधना मानी जाती है और दो माह के सावन में आठ सोमवार मिल रहे हैं। सावन में आठ सोमवार की तिथियों का संयोग बहुत अच्छा माना जा रहा है।
दस जुलाई को सावन में पहला पावन सोमवार
सावन का पहला सोमवार 10 जुलाई, दूसरा 17, तीसरा 24 व चौथा सोमवार 31 जुलाई को है। पांचवां सोमवार 07 अगस्त, छठा 14 अगस्त, सातवां 21 अगस्त व आठवां सोमवार 28 अगस्त को पड़ रहा है।