कांग्रेस अपनी गलत नीतियों के कारण हुई सत्ता से बाहर उसी रास्ते पर भाजपा- मायावती

बस्ती मंडल में जातिगत समीकरणों को समझाकर मांगा वोट

उप्र बस्ती जिले बसपा प्रमुख मायावती ने जीआईसी परिसर में शनिवार को मंडल के तीनों प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबो​धित किया कहा कि कांग्रेस अपनी गलत नीतियों के चलते केंद्रीय सत्ता से बाहर हो गई। उसी रास्ते पर भाजपा भी चल रही है और केंद्र में उसकी भी कुर्सी छिनने जा रही है।
बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने भाजपा पर हमलावर होते हुए कहा कि केंद्र में भाजपा व उनके सहयोगी दलों की सरकार है। इस चुनाव में आसानी से उनकी वापसी नहीं होने वाली है। अच्छे दिन का वादा किया था, जिन बातों की गारंटी देकर जनता को बरगलाया, वे हवा-हवाई साबित हुए। अपने वादे का एक-चौथाई हिस्सा भी भाजपा ने पूरा नहीं किया है। इसलिए जनता उनसे नाराज है। भाजपा ने पूंजीपतियों के लिए कार्य किया। धन्नासेठों को बढ़ाने का काम किया। पूरे शासनकाल में भाजपा सरकार इसी में लगी रही। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने हिन्दुत्व की आड़ में जुल्म ज्यादती की और लोगों को जातियों और धर्म के नाम पर बांटा।
कहा कि बस्ती मंडल में मुस्लिम समाज के लोग अधिक रहते हैं। इसलिए डुमरियागंज सीट से अपने कार्यकर्ता मो. नदीम और खलीलाबाद से कार्यकर्ता मो. नदीम अशरफ को दिया था, जिससे मुस्लिम समाज के लोगों को पर्याप्त भागीदारी मिले और वह अपने समाज की बात उठा सकें।
बस्ती लोकसभा सीट पर कुर्मी व पिछड़े समाज की संख्या अधिक है, इसलिए अपने कार्यकर्ता लवकुश पटेल को टिकट दिया है। भाषण शुरू करते ही उन्होंने मंडल के मुस्लिम, कुर्मी व पिछड़े समाज के वोटों को सहेजने का काम किया।
मायावती ने कहा कि चुनाव में विपक्षी पार्टियां साम, दाम, दंड व भेद सभी का प्रयोग करेंगी। अपने-अपने पक्ष में हवा बनाने का काम करेंगे। इनके फेर में आने की जरूरत नहीं है। बसपा वोटर इनसे बचें और अपने प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करें। विपक्षी दलों का घोषणा-पत्र हवा-हवाई है। उस पर अमल नहीं किया जा सकता है। बसपा का कोई घोषणा-पत्र नहीं है। वह कार्य करके दिखाने में भरोसा करती है। जिस प्रकार उत्तर प्रदेश में बसपा की सरकार ने जमीनी पर कार्य करके दिखाया था, उसी प्रकार केंद्र में कार्य करके दिखाएगी। उन्होंने ज्योतिबा फुले, नारायण गुरु, छत्रपति साहू जी महराज व कांशीराम के आदर्श को याद दिलाते हुए बसपा के पक्ष में मतदान की अपील की और कहा कि बस्ती से लवकुश पटेल, डुमरियागंज से मो. नदीम और खलीलाबाद से सैय्यद नदीम अशरफ को जीत दिलाएं।

Back to top button