युवक को मनबढ़ ने चाकू घोंपा, केस दर्ज

युवक को मनबढ़ ने चाकू घोंपा, केस दर्ज

उप्र बस्ती जिले के पैकोलिया थानाक्षेत्र के मजगवां गांव में मामूली कहासुनी को लेकर एक युवक ने दूसरे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पेट-हाथ में गंभीर चोट आने के कारण युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पैकोलिया पुलिस ने हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में इसी गांव के आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थाने की टीम आरोपी की गिरफ्तारी में जुटी है।
घायल राजन (22) पुत्र पीताम्बर छावनी थानाक्षेत्र के अकला हिरनिया का रहने वाला है। उसकी बुआ का घर पैकोलिया थानाक्षेत्र के मजगवां गांव में है। वह पिछले करीब 10 दिनों से फुफा विश्वनाथ के घर पर आया था। बताया जा रहा है कि मजगवा गांव निवासी आरोपी अनिल कुमार रविवार को हसीनाबाद बाजार में चाकू की धार तेज करवाने आया था। गांव में पहुंचने पर रविवार की शाम करीब छह बजे उसकी मुलाकात राजन से हुई। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि बात बढ़ने पर अनिल ने चाकू निकालकर राजन पर जानलेवा हमला कर दिया। उसके पेट में चाकू से वार किया। बचाव करने पर उसके हाथ में गंभीर चोट आई। खून से लथपथ राजन को छोड़कर अनिल भाग निकला। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने परिजनों की मदद से घायल संतोष को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पाकर पुलिस भी गांव में पहुंच गई। थाने पर राजन के बुआ के बेटे संतोष कुमार ने तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी अनिल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Back to top button