भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी गायक समर सिंह से यह पूछे जा रहें सवाल

वाराणसी। भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी गायक समर सिंह उर्फ समरजीत को गुरुवार शाम सारनाथ थाने की पुलिस ने जिला जेल से कस्टडी रिमांड में लिया। रिमांड के पहले दिन पुलिस ने समर से 25 सवाल पूछे। पुलिस के सभी सवालों का सार यही रहा कि आखिर समर से जुड़ी हुई ऐसी कौन सी बात थी कि जिसके चलते आकांक्षा को आत्महत्या करना पड़ा। भदोही जिले के चौरी बाजार क्षेत्र बरदहां गांव की रहने वाली आकांक्षा दुबे बीते 26 मार्च को सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल में मृत मिली थीं। आकांक्षा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में समर सिंह और उसके दोस्त संजय सिंह के खिलाफ सारनाथ थाने में मुकदमा दर्ज है। दोनों को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश से जेल भेजा गया था। बुधवार को सारनाथ थाने की पुलिस के अनुरोध पर अदालत ने समर की पांच दिन की कस्टडी रिमांड मंजूर की थी। कस्टडी रिमांड के पहले दिन पुलिस ने समर से पूछा कि वह आकांक्षा के संपर्क में कब से और कैसे था? दोनों के बीच किस तरह के रिश्ते थे? दोनों के लिव इन रिलेशन में रहने की बात के पीछे की हकीकत क्या है?

Back to top button