महोबा के चरखारी राजघराने मे संपत्ति को लेकर भाई-बहन के बीच मारपीट

दोनो ने एक-दूसरे के खिलाफ पुलिस मे दी तहरीर

 

यूपी में महोबा जिले के चरखारी स्टेट राजघराने का संपत्ति विवाद सड़क पर आ गया है। आरोप है कि 50 करोड़ की चल अचल संपत्ति के विवाद को लेकर छोटे राजा ने अपनी बहन के साथ मारपीट की, और जबरन दान पत्र लिखवाने का दबाब बनाया। राजघराने के विवाद को लेकर पुलिस मामले में जांच के बाद कार्यवाही करने की बात कह रही है। दोनो पक्षों ने एक दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दिया है।
महोबा एसपी को दिये गये शिकायती पत्र मे चरखारी राजघराने की बेटी जयति सिंह ने अपने ही सगे भाई जयराज सिंह और राजमाता उर्मिला सिंह पर प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। जयति बताती है कि उसके पिता जयंत सिंह जूदेव चरखारी स्टेट के महाराजा थे। जिनकी मृत्यु के बाद से परिवार में संपत्ति को लेकर शुरू से ही विवाद चला आ रहा है। महाराज की मौत के बाद दोनों पुत्र जयसिंह और जयराज सिंह के बीच पूर्व में भी संपत्ति विवाद का मामला सामने आया था। जिसके बाद जय सिंह अपने पूरे परिवार के साथ न्यूजीलैंड में जाकर बस गए। छोटे भाई जयराज सिंह चरखारी के ही रावबाग महल में परिवार के साथ निवास करते है। इसी महल के एक हिस्से में पीड़िता जयति सिंह भी निवास करती है।
बताते है कि पारिवारिक बंटवारे में जयति सिंह के हिस्से 50 करोड़ की चल-अचल संपत्ति आई है। पीड़िता बताती है कि उसका सगा छोटा भाई राजा जयराज सिंह संपत्ति में अधिकार नहीं दे रहा। राजमाता उर्मिला के साथ मिलकर उसकी संपत्ति को दान पत्र में लिखवाने का दबाव बना रहा है। इसी बात को लेकर विवाद हुआ है। आरोप है कि इस विवाद के दौरान राजमाता उर्मिला के सामने भाई जयराज सिंह ने बहन जयति सिंह को मारना पीटना शुरू कर दिया। राजघराने में संपत्ति के लिए हुई मारपीट का मामला अब पुलिस के पास पहुंचा है। जहां दोनों पक्ष एक दूसरे के खिलाफ तहरीर देकर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। पीड़िता जयति सिंह बताती है कि मैं महाराज जयंत सिंह जूदेव की सबसे बड़ी संतान हूं। उसके बाद उसके दो भाई जय सिंह और जयराजसिंह हैं। जयराज सिंह समाजवादी पार्टी से जुड़ा है। 50 करोड़ की संपत्ति के लिए उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही है।

जांच के बाद होगी कार्यवाही
“””””””””””””””””””””””””””””””””””””””
एएसपी महोबा सत्यम का कहना है कि चरखारी राजघराने में मामूली मारपीट का विवाद सामने आया है। दोनो पक्षों की तरफ से तहरीर दी गई है। जिसके आधार पर जांच करा कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Back to top button