दुष्कर्म की शिकार किशोरी ने बेटे को दिया जन्म ,दो आरोपी गिरफ्तार
दुष्कर्म की शिकार किशोरी ने बेटे को दिया जन्म ,दो आरोपी गिरफ्तार
उप्र बस्ती जिले दुबौलिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय एक किशोरी गांव के दो युवकों की दरिंदगी का शिकार हो गई। सामूहिक दुष्कर्म की शिकार किशोरी के गर्भ ठहर जाने के कई महीने बाद परिवार वालों को इस बात की जानकारी हुई। 10 दिन पहले किशोरी ने घर पर ही एक बच्चे को जन्म दिया। इसके बाद पीडिता के परिवार ने चुप्पी तोडी और बेटी को न्याय दिलाने क लिए उसकी मां ने पुलिस को तहरीर केस दर्ज कराया। मंगलवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस को दिए गए तहरीर के मुताबिक करीब नौ माह गांव का दुर्गेश निषाद (20) व शिव कुमार निषाद (19) ने बहाने से उसे गन्ने के खेत के पास दबोच कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। डर के कारण पीडि़ता ने अपनी जुबान पर ताला लगा लिया लेकिन जब उसका पेट बढ़ने लगा तो परिवार वालों को शक हुआ। पिता के अनुसार डेढ़ महीने पहले उसकी मां के काफी पूछने के बाद उसने अपने साथ हुई दरिंदगी की जानकारी दी। जिसे सुनकर परिवार वाले सकते में आ गए। लोकलाज के भय से परिवार पहले तो खामोश रहा, लेकिन जब 10 दिन पूर्व पीडिता ने घर पर ही एक लड़के को जन्म दिया तो परिवार वालों को कोई रास्ता नहीं सूझा। बेटी को न्याय दिलाने के लिए दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। एसओ इंदभूषण सिंह के अनुसार मुखबिर की सूचना पर मंगलवार को अशोकपुर चौराहा के पास दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है।