मुलायम की तीसरी पीढ़ी भी सियासी पिच पर उतरी,अखिलेश की बेटी अदिति मांगी मां के लिए वोट

मैनपुरी लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी सांसद डिंपल यादव लोकसभा चुनाव के लिए दोबारा मैदान में हैं। इस बार उनकी बेटी अदिति यादव भी मां के लिए जनता के बीच जाकर वोट मांग रहीं हैं। पिछले एक महीने में वह कई बार डिंपल के साथ मंचों पर दिखाई दीं। शुक्रवार को वह एक बार फिर मंच पर दिखाई दीं।
शुक्रवार को एक खास बात यह दिखी कि अदिति इस बार मंच पर मां डिंपल के साथ नहीं थीं। वह कार्यकर्ताओं के बीच अकेली दिखीं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह राजनीति में एंट्री लेने की तैयारी में नहीं बल्कि एंट्री ले चुकी हैं। उन्होंने एक नुक्कड़ सभा में हिस्सा लिया। सात मई को होने वाले मतदान में सपा को जिताने की अपील की। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने उन्हें चांदी का मुकुट, पुष्प माला और पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया। वह भी कार्यकर्ताओं के बीच कॉन्फिडेंट दिखीं। बतातें चलें कि सपा इस बार बडी जनसभाएं न करके नुक्कड़ सभाएं कर रही है। एक नुक्कड़ सभा शुक्रवार को आयोजित थी। इसमें अदिति यादव शामिल हुईं और सपा को जिताने की अपील की।
इससे पहले अखिलेश की बेटी अदिति यादव मैनपुरी के कुसमरा में अपनी मां के साथ एक सभा में पहुंची थी, जहां पर डिंपल यादव ने मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया था, उस समय बेटी अदिति यादव मंच पर न बैठकर कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर मां के संबोधन को बहुत ही गौर से सुन रहीं थी। इसके बाद दोवारा फिर अदिति मां के साथ मैनपुरी में आई और कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर संबोधन को सुना।

यूं तो सैफई परिवार की तीन पीढ़ियां सियासत की ऊंचाइयां छू चुकी हैं, लेकिन अब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव की बेटी अदिति यादव भी राजनीति का ककहरा सीख रही हैं। कुसमरा में हुए सम्मेलन में वे मां के साथ पहुंची थी, अगली बार भी मां के साथ पहुंची थी, लेकिन शुक्रवार को अदिति यादव अकेली ही नुक्कड़ सभाओं में भाग लेकर मां डिंपल के लिए वोट मांगते दिखाई दी।

Back to top button