बुन्देलखंड के ललितपुर पहुंची कांग्रेस की प्रांतीय भारत जोडो यात्रा

ललितपुर। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में केरल से कन्याकुमारी तक भारत जोड़ो पदयात्रा की जा रही है। जिसके परिप्रेक्ष्य में बुंदेलखंड- कानपुर जोन के प्रांतीय अध्यक्ष के नेतृत्व में भारत जोड़ो पद यात्रा गुरुवार की रात ललितपुर पहुंची।
रात्रि विश्राम के बाद शुक्रवार को कांग्रसियों की यह यात्रा नगर भ्रमण पर निकली। प्रांतीय अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की प्रांतीय पदयात्रा राहुल गांधी के संदेश को लेकर ललितपुर जनपद में पहुंची है। नफरत छोड़ो भारत जोड़ों के नारे के साथ सभी लोगों से कांग्रेस से जुडऩे का आवाहन किया। उन्होने कहा कि कान्ग्रेस इस देश के संविधान की रक्षा के लिए, इस देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी भ्रष्टाचार से जनता को जागरूक करने के लिए सड़कों पर निकली है। केंद्र की सत्ता में बैठे लोग पूंजीपतियों के इशारे पर काम कर रहे हैं। आम जनता बेरोजगारी और महंगाई से त्रस्त है।
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि इस देश में भ्रष्टाचार चरम पर है। महंगाई ने विकराल रूप धारण कर लिया है। गरीब आदमी त्राहि-त्राहि कर रहा है। सत्ता में बैठे लोग मलाई खा रहे हैं। केंद्र और प्रदेश की सरकार लोगों को जाति और धर्म के नाम पर बांटकर लोगों में नफरत फैलाकर राज करना चाहती है। उनके इन मंसूबों को कांग्रेस पूरे नहीं होने देगी। कांग्रेस ने फैसला लिया है कि जनता के बीच में जाकर उनकी सच्चाई को उजागर करेंगे। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव राहुल रिछारिया ने युवाओं का आवाहन करते हुए कहा कि यह देश युवाओं का है और युवा ही देश के कर्णधार हैं। देश में नफरत की राजनीति चल रही है। देश में ऐसी योजनाएं चलाई जा रही हैं जिससे अमीरों को फायदा हो और गरीबों का उत्पीडऩ। जबकि देश के संविधान ने सभी को बराबर का दर्जा दिया है। अन्य वक्ताओं ने कहा कि यह देश उन शहीदों का है जिन्होंने हंसते-हंसते देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी। जब से देश आजाद हुआ इस देश में अनेकों संस्थाएं देश की जनता को समर्पित की परंतु वर्तमान सरकार लोगों के बीच में नफरत का बीज डालकर उन सभी संस्थाओं को बेचने का कुचक्र रच रही है। जो आम जनता के हित में नहीं है। जनता को सोचना होगा कि देश को बनाने वाले लोग देश में राज करेंगे या देश को बेचने वाले लोग।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष दुर्गा प्रसाद कुशवाहा, बलवंत सिंह, आसाराम तिवारी, राकेश रजक, बहादुर अहिरवार एड., रामभरोसे कुशवाहा, सुनील जैन, पवन विश्वकर्मा, मोहन सिंह चंदेल, धनीराम अहिरवार, शोभा, अशोक सोनी, जशपाल सिंह बंटी, पुनीत देवलिया एड, पूर्व नगराध्यक्ष हरीबाबू आदि लोग मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button