सरेआम मनबढ़ो ने युवक पर बरसाए खूब लात-घूसे

सरेआम मनबढ़ो ने युवक पर बरसाए खूब लात-घूसे

बस्ती शहर के सिविल लाइन एरिया में मनबढ़ों ने जमकर बवाल काटा। पांच मनबढ़ों ने शुक्रवार को भीड़ भरे इलाके में सरेशाम एक युवक पर हमला कर लहूलुहान कर दिया। खून से लथपथ युवक सड़क पर गिर गया और मनबढ़ भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को हॉस्पिटल भेजा। इसी बीच किसी ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

कोतवाली थानाक्षेत्र के फुहारा तिराहे के पास शुक्रवार की देर शाम तीन युवक सड़क पार कर रहे थे। इस दौरान गलत तरीके से बाइक चला रहे मनबढ़ों के गुट से कहासुनी हो गई। पुरानी बस्ती थानाक्षेत्र निवासी जितिन पाण्डेय (22) ने मनबढ़ों को टोक दिया। इस बात को लेकर पांचों मनबढ़ तीनों युवकों को पीटने लगे, इस बीच मौका पाकर दो युवक भाग गए। पांचों मनबढ़ ने जितिन को दबोच कर बुरी तरह पीटने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावरों पहले ईंट से मारा है और फिर डंडे से पिटाई करने लगे, जिससे जितिन का सिर फट गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद जितिन सड़क किनारे गिर गया। मनबढ़ युवकों की दहशत से भगदड़ मच गई। इसी दौरान किसी ने पुलिस को सूचना दी तो सिविल लाइन चौकी के सिपाही मौके पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल जितिन को अस्पताल भेजवाया। इस घटना की पुष्टि करते हुए कोतवाल विजय कुमार दुबे ने बताया कि एक युवक पर हमला करने की जानकारी मिली है, पुलिस जांच-पड़ताल में जुटी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Back to top button