ट्रेनी डॉक्टर रेप हत्याकांड मामले में राष्ट्रपति के बयान पर टीएमसी की प्रतिक्रिया तो भाजपा ने घेरा


अशोक झा, कोलकाता: कोलकाता में डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या के मामले पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने बयान में कहा कि वह इस घटना से अत्यंत निराश और भयभीत हैं। उन्होंने इस पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि अब बहुत हो चुका है। राष्ट्रपति मुर्मू ने यह भी उल्लेख किया कि वह महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों से गहरे दुखी हैं। उन्होंने कहा कि समाज को ईमानदारी और पूर्वाग्रह से मुक्त आत्मावलोकन की आवश्यकता है और हमें खुद से कड़े सवाल पूछने की जरूरत है। राष्ट्रपति मुर्मू ने यह भी बताया कि कोई भी सभ्य समाज अपनी बेटियों और बहनों पर इस तरह के अत्याचारों की अनुमति नहीं दे सकता है। TMC ने राष्ट्रपति के बयान पर अपनी टिप्पणी दी इस पर तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की तरफ से भी प्रतिक्रिया आई है। टीएमसी नेता कुणाल घोष ने राष्ट्रपति के बयान पर अपनी टिप्पणी दी है, जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति के विचारों की पुष्टि की और मामले की गंभीरता को स्वीकार किया। कुणाल घोष ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “आरजी कर अस्पताल में हुए मामले को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने चिंता व्यक्त की है। उनका बयान आ गया है, लेकिन हमारी पार्टी और हम सभी न्याय के पक्ष में हैं और हम चाहते हैं कि आरोपी को मौत की सजा मिले। हाथरस और बृजभूषण शरण सिंह के मामले में चुप क्यों थी ? कुणाल घोष ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा, “राष्ट्रपति ने अब इस मामले पर क्यों प्रतिक्रिया दी है?। उन्नाव, हाथरस, महाराष्ट्र, बदलापुर, उत्तराखंड जैसे कई मामलों में राष्ट्रपति ने पहले क्यों नहीं बोला? जब गोल्ड मेडलिस्ट साक्षी मलिक ने भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आरोप लगाया था, तब राष्ट्रपति का क्या रुख था? अब जब बंगाल में इस तरह की घटना हुई है, तो इसे एक सामाजिक अपराध के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है, लेकिन भाजपा शासित राज्यों में ऐसी घटनाओं पर राष्ट्रपति ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। हम राष्ट्रपति का सम्मान करते हैं, लेकिन कृपया इस प्रकार का आचरण न करें। वही दूसरी भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा की पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री का भड़काऊ भाषण एक तरह से खुली धमकी है। ममता ने खुलेआम धमकी ही नहीं दी है उन्होंने पूरे देश में अशांति भड़काने की कोशिश भी की है। उनके बयान पर सर्वोच्च न्यायालय को इस खतरनाक भाषण का स्वतः संज्ञान लेना चाहिए। इस पर कोई ठोस एक्शन होना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि जांच को भटकाने, आरोपी को बचाने और सबूतों को मिटाने के बाद अब ममता बनर्जी डॉक्टरों को धमका रही हैं। सुधांशु त्रिवेदी ने यहां भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जांच को भटकाने, आरोपी को बचाने और सबूत मिटाने के बाद अब पश्चिम बंगाल में डॉक्टरों को धमकाने की एक नई रणनीति दिखाई पड़ रही है। इससे पहले लोगों ने कोई ऐसा बंद नहीं देखा होगा, जहां एक तरफ बंद का आह्वान किया जाए और दूसरी तरफ सत्ताधारी दल के नेता जाकर दुकानों को खुलवाने का प्रयास करें।उन्होंने कहा, “इसके बाद मुख्यमंत्री (ममता बनर्जी) आकर प्रेस को संबोधित करते हुए कहती हैं, ‘मैं नहीं चाहती कि एफआईआर हो – ताकि करियर न बर्बाद हो, पासपोर्ट और वीजा मिलने में समस्या न हो।’ ”
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि शब्दों के हेर-फेर के साथ “ममता बनर्जी ने सीधे-सीधे डॉक्टरों को धमकाने का काम किया है। करियर पर प्रश्नचिन्ह लगाने की बात कर, शब्दों के मायाजाल के जरिये डॉक्टरों को धमकाया जा रहा है।” उन्होंने कहा कि भाजपा ममता बनर्जी द्वारा डॉक्टरों को परोक्ष रूप से धमकाने के इस प्रयास की कड़ी भर्त्सना करती है और पीड़िता को न्याय दिलवाने तक संघर्ष करती रहेगी।ममता बनर्जी के चुनाव करवा लेने के बयान की आलोचना करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस पीड़िता के साथ न्याय का विषय चुनाव का विषय नहीं है। यह सबूतों के आधार पर कानून की अदालत में साबित होकर दोषियों को सजा दिलाने का विषय है। ‘जिसकी सत्ता होगी, न्याय उसी के पक्ष में होगा’, यह सोच संविधान के लिए सबसे खतरनाक है। उन्होंने कहा कि इससे पहले लोकसभा में विपक्ष के नेता रहते हुए कांग्रेस के अधीर रंजन चौधरी भी एक समय पर कह चुके हैं कि पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र नहीं है।ममता बनर्जी द्वारा एनडीए में रहने के दौरान चलाए गए आंदोलन की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि यह वही ममता बनर्जी हैं, जिन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार के समय भाजपा के साथ रहते हुए स्वयं ये बताया था कि पश्चिम बंगाल में कम्युनिस्ट सरकार की पुलिस ने उनके ऊपर इतने आघात किए थे कि उन्हें मृत समझकर छोड़ गए थे। यह वही ममता बनर्जी हैं, जिन्होंने रेप के विरुद्ध बड़ा आंदोलन और संघर्ष किया था। सुधांशु त्रिवेदी ने सवाल किया कि क्या आज उनकी संवेदना इतनी मर गई है कि वह दोषियों को सजा दिलाने की बजाय उन्हें बचाने में लगी हैं। अब ध्यान भटकाने के लिए फांसी देने की बात कह रही हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट भी कह चुका है कि वहां सबूतों को मिटा दिया गया है। ममता बनर्जी बताएं कि वह पश्चिम बंगाल में रेप के मामले में कितने अपराधियों को फांसी की सजा दिलवा चुकी हैं। मोदी सरकार ने तो बलात्कार के मामले में कानूनों को और ज्यादा कड़ा बनाने का काम किया है। भाजपा प्रवक्ता ने इसे संविधान की मूल भावना पर आघात बताते हुए कहा कि जो कुछ पश्चिम बंगाल में हो रहा है, वह “संविधान की मूल भावना पर सबसे बड़ा आघात है और इसमें इंडी गठबंधन के सारे दल इसमें शामिल हैं”।उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस के वकील कपिल सिब्बल है जो सपा के समर्थन से राज्यसभा सांसद हैं और जो कांग्रेस सरकार में मंत्री रह चुके हैं। इसलिए ये सारे दल इसमें शामिल हैं। पश्चिम बंगाल को छोड़कर, देश के सभी राज्यों से चुनावी हिंसा समाप्त हो चुकी है। लगता है कि अपराधियों के सहारे सत्ता में आने वाली ममता बनर्जी के वश में अब अपराधियों पर लगाम लगाना नहीं रह गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला करवाना तृणमूल का स्वाभाविक चरित्र है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बयान से भी समझी जा सकती है।तृणमूल नेता अभिषेक बनर्जी के बयान को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कोलकाता में जो कुछ भी हुआ, उस पर उनकी यह बयानबाजी उनकी असंवेदनशीलता को दर्शाती है। अपराधियों को संरक्षण देना उनकी और ‘इंडिया’ ब्लॉक के नेताओं की मानसिकता है।

Back to top button