यूपी की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी बोली बिहार के शिक्षा मंत्री को नहीं मालूम रामचरित मानस का महत्व
बोलीं -जिसमें जितनी बुद्धि होगी,वह उतना ही बोलेगा

झांसी में यूपी की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी ने बिहार के शिक्षा मंत्री को विवेकहीन कह डाला। उन्होंने कहा कि बिहार के शिक्षा मंत्री को नहीं मालूम कि रामचरितमानस की महानता क्या है । रामचरितमानस किस तरह मानवता का पाठ पढ़ाता है। हमारे जीवन पद्धति को, जीवन दर्शन को दिशा निर्देश देता है। उन्हें इसके बारे में कुछ भी जानकारी नहीं है।
माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाबो देवी यहां गुरुवार को झांसी में शिक्षक एमएलसी निर्वाचन के नामांकन प्रक्रिया में भाजपा प्रत्याशी डॉ.बाबूलाल तिवारी के नामांकन मे शामिल होने आई थीं।
उन्होंने बिहार के शिक्षा मंत्री का माखौल उड़ाते हुए कहा कि भगवान ने उनके अंदर इतनी ही बुद्धि दी है तो वह इतना ही बता पाएंगे। अगर उनके अंदर बुद्धि होती तो वह रामचरितमानस की महानता को जानते। अब हमारे संस्कार तो नहीं कहते कि रामचरितमानस के ऊपर हम एक शब्द भी बोल सकें। लेकिन उन्हें अपने संस्कारों और संस्कृति के बारे में कोई जानकारी नहीं है। इसलिए हम उनके बारे में क्या कह सकते हैं। भगवान उन्हें सद्बुद्धि प्रदान करे।
उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के फार्मूले पर हमेशा चुनाव लड़ती आई है। चाहे वह लोकसभा का चुनाव हो या विधानसभा का। इसी फार्मूले पर चुनाव जीते गए। उन्होंने कहा कि अब एमएलसी शिक्षक का भी चुनाव इसी फार्मूले से जीता जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा मानवता के मार्ग पर चलकर काम करती है। शिक्षकों के पुरानी पेंशन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है। वित्तविहीन शिक्षकों के मामले में सबसे बात हो चुकी है।