कोलकाता से अयोध्या जा रहे तीन जलयान सरयू नदी में फंसे

कोलकाता से अयोध्या जा रहे तीन जलयान सरयू नदी में फंसे

उप्र बस्ती जिले में कोलकाता से अयोध्या जा रहे तीन जलयान सरयू नदी में कटरिया-चांदपुर तटबंध के ठोकर नंबर-एक के पास उथले पानी में फंस गए। जलयान के कर्मचारी उसे गहरे पानी में लाने का काफी प्रयास किया। देर शाम तक उन्हें इसमें कामयाबी नहीं मिली थी। जलयान के नदी में फंसे होने की सूचना पर बाढ़ खंड के अधिकारी भी बंधे पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। जलयान को 20 जनवरी तक अयोध्या पहुंचना था। पीएम मोदी के अयोध्या से कोलकाता जलमार्ग की परिवहन सेवा के उद्घाटन कार्यक्रम में इसे शामिल होना था। जलयान के स्टॉफ से सम्पर्क नहीं हो पाने के कारण जलयान से सम्बंधित अन्य जानकारी नहीं मिल सकीं। जलयान को देखने लिए ग्रामीणों की भीड़ तट पर रही।रास्तेभर मुसीबतों का आलम यूपी की सरहद में पहुंचने के बाद से ही जलयान को जगह-जगह परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरयू नदी में जगह-जगह जलस्तर काफी कम है। कुछ जगहों पर पीपे का पुल खोलना पड़ा तो कुछ जगहों पर पुल निर्माणाधीन होने के कारण भी समस्या रही। जलयान सोमवार को बस्ती की सीमा में प्रवेश किया। ठोकर नंबर-एक के पास यह उथले पानी में फंस गया। यान के फंसने के बाद इसमें मौजूद बोट के जरिए यान का स्टॉफ इसे निकालने का प्रयास कर रहा था। बोट के सहारे गहरे जल का पता लगाकर झंडा-पताका स्टॉफ लगा रहा था। जहाज में बालू को हटाकर तल को गहरा करने के लिए मशीनें भी लगी हुई हैं, जिसकी सहायता से बालू निकाल कर रास्ता बनाया जा रहा था। मंगलवार शाम को यान एक जगह से निकलकर कुछ आगे जाकर दूसरी जगह फंस गया।
पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्रालय ने सरयू नदी को राष्ट्रीय जलमार्ग संख्या-40 घोषित किया है। इसी के साथ कोलकाता व अयोध्या को जलमार्ग से जोड़ने की योजना शुरू की गई है। इसकी लम्बाई लगभग 353 किलोमीटर है। मंत्रालय की ओर से इसके लिए पहले से ही शेड्यूल जारी किया गया था, जिसके तहत यह जलयान चल रहे थे। जानकारों का कहना है कि कोलकाता के सागर आईलैंस से सात जनवरी को यह जलयान निकले हैं।

Back to top button